Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

आलू पर हरे रंग के निशान दिखाई दें तो उसे ना करे नजरंदाज

नई दिल्ली । भारतीय रसोई में रोजाना सब्जी, पराठा, टिक्की, स्नैक्स और कई अन्य व्यंजनों में आलू का उपयोग होता है। आलू के सेवन को लेकर विशेषज्ञों का कहना है कि यदि आलू पर हरे रंग के निशान दिखाई दें तो उसे सामान्य रंग परिवर्तन समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। हरा रंग इस बात का संकेत हो सकता है कि आलू के भीतर ऐसे रासायनिक परिवर्तन हो रहे हैं, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक साबित हो सकते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, जब आलू लंबे समय तक धूप या तेज रोशनी के संपर्क में रहता है, तो उसकी सतह पर क्लोरोफिल बनने लगता है, जिससे उसका रंग हरा दिखाई देता है। 

क्लोरोफिल स्वयं नुकसानदायक नहीं होता, लेकिन यह संकेत देता है कि आलू में सोलानिन नामक प्राकृतिक विषैले तत्व की मात्रा भी बढ़ सकती है। अधिक मात्रा में सोलानिन का सेवन शरीर के लिए हानिकारक माना जाता है और यह तंत्रिका तंत्र तथा मस्तिष्क के सामान्य कार्यों को प्रभावित कर सकता है। महत्वपूर्ण बात यह है कि सामान्य तापमान पर पकाने या तलने से भी यह तत्व पूरी तरह नष्ट नहीं होता। यदि आलू का केवल छोटा-सा हिस्सा हरा हो गया है, तो उस हिस्से और उसके आसपास के छिलके को अच्छी तरह काटकर हटाया जा सकता है। इसके बाद शेष भाग का उपयोग किया जा सकता है। लेकिन यदि आलू का बड़ा हिस्सा हरा हो, उसमें कड़वाहट महसूस हो या उसकी गंध असामान्य लगे, तो उसे खाने के बजाय फेंक देना अधिक सुरक्षित माना जाता है। 

विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे आलू का सेवन स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का कारण बन सकता है। आलू को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए उसे ठंडी, सूखी और अंधेरी जगह पर रखना चाहिए। तेज रोशनी और धूप के संपर्क से बचाने पर उसके हरा होने की संभावना काफी कम हो जाती है। भंडारण के दौरान ऐसे थैले या टोकरी का उपयोग करना बेहतर होता है, जिनमें हवा का पर्याप्त आवागमन हो सके। इससे नमी नहीं जमती और आलू अधिक समय तक ताजा रहता है। विशेषज्ञ यह भी सलाह देते हैं कि आलू को फ्रिज में नहीं रखना चाहिए। अत्यधिक ठंडे तापमान में आलू का स्टार्च शर्करा में बदलने लगता है, जिससे उसका स्वाद और बनावट प्रभावित हो सकती है। इसके अलावा आलू को प्याज के साथ भी नहीं रखना चाहिए, क्योंकि दोनों से निकलने वाली गैसें एक-दूसरे को जल्दी खराब कर सकती हैं। 

Comments (0)

Leave a Comment