Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement

स्वदेशी तेजस एमके-1ए का पहला स्क्वाड्रन जल्द वायुसेना में होगा शामिल

नई दिल्ली,। स्वदेशी हलके लड़ाकू विमान (एलसीए) तेजस एमके-1ए के वायुसेना में शामिल होने का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है। वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने राष्ट्रीय सुरक्षा सम्मेलन में घोषणा की कि तेजस एमके-1ए इसी चालू वित्त वर्ष 2026-27 के अंदर वायुसेना की परिचालन सेवा में शामिल कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 31 मार्च 2027 से पूर्व तेजस एमके-1ए की पहली पूरी स्क्वाड्रन वायुसेना को सौंप दी जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने अगले साल तेजस एमके-2 के अनावरण और पांचवीं पीढ़ी के एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (एएमसीए) प्रोजेक्ट पर भी तीव्र गति से काम जारी रहने की पुष्टि की। 

मीडिया रिपोर्ट में वायुसेना प्रमुख दीक्षित के मुताबिक योजना के तहत सबसे पहले तेजस एमके-1ए का एक पूर्ण स्क्वाड्रन तैयार कर तैनात किया जाएगा, जिसके पश्चात इसके व्यापक उत्पादन और आपूर्ति को और आगे बढ़ाया जाएगा। बता दें तकनीकी परीक्षणों के दौरान सामने आई कुछ कमियों के कारण इस विमान की डिलीवरी में पूर्व में कुछ विलंब हुआ था। वायुसेना ने सुधार के लिए चार प्रमुख क्षेत्रों की पहचान की थी। विशेषज्ञों के मुताबिक डीआरडीओ और एचएएल के संयुक्त प्रयासों से इन सभी तकनीकी सुधारों को पूरा कर लिया गया है। इस दौरान स्वदेशी रूप से विकसित नए हथियारों को भी विमान में एकीकृत किया गया और उनके सफल उड़ान परीक्षण किए गए।

वायुसेना के लिए इस स्वदेशी विमान की समय पर तैनाती इसलिए भी जरुरी है, क्योंकि पुराने हो चुके मिग-21 फाइटर जेट्स की सेवानिवृत्ति के बाद बेड़े में लड़ाकू विमानों की कमी आई है। 26 सितंबर 2025 को चंडीगढ़ एयरबेस पर आयोजित एक औपचारिक समारोह में मिग-21 विमानों को विदाई दी गई थी। मिग-21 के हटने के बाद वायुसेना के पास सक्रिय लड़ाकू स्क्वाड्रनों की संख्या घटकर 29 रह गई थी, जबकि स्वीकृत 42 स्क्वाड्रन की है। ऐसे में तेजस एमके-1ए की पहली स्क्वाड्रन का आगमन इस रणनीतिक अंतर को कम करने में बड़ी सहायता प्रदान करेगा। 

इसके अलावा वायुसेना प्रमुख ने बताया कि ज्यादा मारक क्षमता वाले तेजस एमके-2 का रोलआउट अगले वर्ष 2027 में संभावित है। क्षेत्रीय हवाई चुनौतियों का मुकाबला करने के लिए भारत के अपने पांचवीं पीढ़ी के एएमसीए लड़ाकू विमान का विकास भी तेजी से आगे बढ़ा रहा है, जो वायुसेना की आत्मनिर्भरता और सतर्कता की नीति को सिद्ध करता है।



Comments (0)

Leave a Comment