Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement

भारत दुनिया के 80 से भी ज्यादा देशों को निर्यात कर रहा स्वदेशी आधुनिक हथियार

वैश्विक स्तर पर सैन्य संघर्षों के बीच भारतीय रक्षा उद्योग को मिली कामयाबी 

नई दिल्ली। वैश्विक स्तर पर जारी तनाव और कई क्षेत्रों में बढ़ते सैन्य संघर्षों के बीच भारतीय रक्षा उद्योग ने कामयाबी हासिल की है। रक्षा सचिव राजेश कुमार के मुताबिक बदलती वैश्विक परिस्थितियों ने भारतीय रक्षा विनिर्माण क्षेत्र के लिए नए अवसरों के द्वार खोल दिए हैं। वर्तमान में भारत विश्व के 80 से भी ज्यादा देशों को मिसाइल-रॉकेट प्रणाली, तोपें, आधुनिक हथियार, गोला-बारूद, लड़ाकू विमान, हेलीकॉप्टर, उन्नत रडार, इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणाली, और सैन्य वाहनों का निर्यात कर रहा है। 

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक रक्षा सचिव ने कहा कि दूसरे विश्व युद्ध के बाद से दुनिया में सैन्य संघर्षों का स्तर अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है, जिससे कई देश अपनी सैन्य क्षमताओं को मजबूत करने में लगे हैं। ऐसे समय में भारत के पास अपनी रक्षा विनिर्माण क्षमता को आत्मनिर्भर बनाने और एक बड़े निर्यातक के रूप में उभरने का स्वर्णिम अवसर है। भारत सरकार ने इस दिशा में कई नीतिगत सुधार किए हैं, जिससे निजी रक्षा कंपनियों को भी समान अवसर मिल रहे हैं। सरकारी कंपनियों को मिलने वाले सीधे ठेकों की जगह अब पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया लागू की गई है। 

जानकारों के मुताबिक भारत ने रक्षा निर्यात के क्षेत्र में जो गति पकड़ी है, उससे यह उम्मीद जताई जा रही है कि 50 हजार करोड़ रुपए का निर्यात लक्ष्य तय समय से कम से कम एक साल पहले ही हासिल कर लिया जाएगा। वित्त वर्ष 2025-26 में भारत का कुल रक्षा निर्यात रिकॉर्ड 38,424 करोड़ रुपए के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गया है, जो देश की सैन्य-औद्योगिक शक्ति की मजबूती का सीधा प्रमाण है। भारत द्वारा निर्यात किए जाने वाले उपकरणों की सूची में तोपों और बुलेटप्रूफ जैकेट से लेकर अत्याधुनिक तकनीक शामिल है। भारत की निर्यात सूची में ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल, आकाश सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल प्रणाली और पिनाका मल्टी-बैरल रॉकेट लॉन्चर प्रमुखता से शामिल हैं।


Comments (0)

Leave a Comment