Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement

बच्चों की परवरिश और पारिवारिक दायित्वों के बीच पुरुष करीबी दोस्तों से हो रहे दूर

नई दिल्ली। आधुनिक जीवनशैली में पुरुषों का सामाजिक दायरा लगातार सिमटता जा रहा है। करियर की बढ़ती प्रतिस्पर्धा, आर्थिक जिम्मेदारियां, देर से शादी, बच्चों की परवरिश और पारिवारिक दायित्वों के बीच कई पुरुष करीबी दोस्तों से दूर होते जा रहे हैं। शोध और सर्वेक्षणों के मुताबिक करीब 15 फीसदी पुरुषों के पास एक भी करीबी दोस्त नहीं है। 1990 में यह आंकड़ा करीब 3 फीसदी था। यह बदलाव पुरुषों के बीच गहरी दोस्ती में आई कमी को दर्शाता है, जिसे कई विशेषज्ञ ‘फ्रेंडशिप रिसेशन’ के रूप में देखते हैं।

मीडिया रिपोर्ट में हॉर्वर्ड के एक प्रोफेसर के दावे के मुताबिक पुरुषों में करीबी दोस्ती का दायरा लगातार घट रहा है। इसका असर केवल सामाजिक जीवन तक सीमित नहीं है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। लंबे समय तक अकेले रहने और अपनी परेशानियां साझा नहीं करने से तनाव और एंग्जाइटी बढ़ने की आशंका रहती है। पुरुषों के सामाजिक दायरे के सिकुड़ने की एक बड़ी वजह काम और करियर का दबाव माना जा रहा है। नौकरी या व्यवसाय में आगे बढ़ने की कोशिश में ज्यादातर समय काम को देने के कारण दोस्तों और सामाजिक गतिविधियों के लिए समय कम रह जाता है।

देर से शादी और पारिवारिक जीवन में बदलाव भी इस स्थिति को प्रभावित कर रहे हैं। एक शोध के मुताबिक अविवाहित पुरुषों में अकेलेपन की समस्या करीब 20 फीसदी तक देखी गई है। वहीं, शादी के बाद कई पुरुष भावनात्मक सहारे के लिए मुख्य रूप से अपने जीवनसाथी पर निर्भर हो जाते हैं, जिससे पुरानी दोस्तियों को समय देना कम हो सकता है। बच्चों की परवरिश और घरेलू जिम्मेदारियों में पुरुषों की बढ़ती भागीदारी भी उनके निजी सामाजिक जीवन के लिए उपलब्ध समय को सीमित कर रही है। इसके अलावा, सामाजिक और सांस्कृतिक धारणाओं के कारण कई पुरुष तनाव, चिंता या निजी परेशानियों के बारे में दोस्तों से खुलकर बात करने में संकोच करते हैं। इससे गहरे और भरोसेमंद संवाद के अवसर कम होते जाते हैं।

विशेषज्ञों के मुताबिक सामाजिक दूरी कम करने के लिए बड़े बदलाव जरूरी नहीं हैं। किसी पुराने दोस्त को संदेश भेजना, महीने में एक बार फोन पर बातचीत करना या साथ समय बिताने की योजना बनाना रिश्ते को फिर सक्रिय कर सकता है। इसके अलावा खेल, फिटनेस, किताबों या स्थानीय समूहों जैसी साझा रुचियों से जुड़े मंचों में शामिल होकर नए लोगों से संपर्क बढ़ाया जा सकता है। नियमित सामाजिक संपर्क और खुलकर बातचीत अकेलेपन को कम करने में मददगार हो सकती है।



Comments (0)

Leave a Comment