Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement

क्वाड शिखर सम्मेलन- भारत वाली चौकड़ी ने चीन को दिया झटका

मनीला। करीब दो सालों के अंतराल के बाद हुए क्वाड शिखर सम्मेलन ने हिन्द-प्रशांत क्षेत्र में चीन के खिलाफ कूटनीतिक मोर्चाबंदी जारी रहने का स्पष्ट संदेश दिया है। इस बैठक ने अमेरिका और चीन के बीच समीकरण बदलने की अटकलों पर भी विराम लगाया है। मनीला में यह बैठक ऐसे समय में हुई है, जब चीन और मेजबान फिलीपींस के बीच तनातनी अपने चरम पर है। यह सम्मेलन अमेरिकी राष्ट्रपति के चीन दौरे के ठीक एक दिन पहले हुआ, जहां वे चीनी राष्ट्रपति और रूसी समकक्ष के साथ बैठक करेंगे। इस तरह अमेरिका ने भी चीन को स्पष्ट संदेश दिया है कि हिन्द-प्रशांत क्षेत्र को लेकर उसके रुख में कोई बदलाव नहीं आया है।

बता दें कि क्वाड की पिछली बैठक 2024 में अमेरिका में हुई थी और 2025 के लिए इसकी अध्यक्षता भारत को सौंपी गई थी। हालांकि, उस समय बने राजनीतिक हालातों के कारण यह बैठक नहीं हो पाई। इस दौरान कुछ हलकों में क्वाड के भविष्य को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं। लेकिन भारत के कूटनीतिक प्रयासों से क्वाड को फिर से सक्रिय करने में सफलता मिली। बीते मई में भारत में हुए क्वाड के विदेश मंत्रियों के सम्मेलन के बाद मनीला में शिखर सम्मेलन के आयोजन से एक बार फिर भारत, जापान, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका इस मंच पर एकजुट हुए हैं। उन्होंने हिन्द-प्रशांत क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय कानून के पालन और स्वतंत्र नौवहन के महत्व पर सहमति जताई है। यह चीन के लिए एक कूटनीतिक झटका है और भविष्य के लिए स्पष्ट संदेश भी कि क्वाड कायम है। जानकार मनीला सम्मेलन को एक बड़ी कूटनीतिक घटना मानते हैं। इसकी एक अहम वजह यह भी है कि क्वाड की स्थापना भी 2007 में मनीला में हुई थी, जब वहां नेता आसियान शिखर सम्मेलन में जुटे थे।

मनीला में आयोजित इस शिखर सम्मेलन में क्वाड देशों ने भविष्य के सहयोग के लिए चार प्रमुख पहलों की घोषणा की है। इनमें सबसे पहले 2027 में मुंबई में होने वाला पहला क्वाड बिजनेस लीडर्स फोरम शामिल है, जिसकी मेजबानी भारत करेगा। इसका उद्देश्य चारों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों को मजबूत करना है। दूसरी महत्वपूर्ण पहल एआई एक्सेलेरेटर है, जिसका लक्ष्य पूरे हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भरोसेमंद आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तक पहुंच को आसान बनाना, इसके उपयोग को बढ़ावा देना और संबंधित प्रयासों को वित्तीय सहयोग देना है। तीसरी पहल हिंद-प्रशांत समुद्री निगरानी है, जो समुद्री क्षेत्र में जागरूकता बढ़ाने पर केंद्रित है। इसके तहत 2027 में पहली बार क्वाड के पी-8 और पी-3सी गश्ती विमान समुद्री सैन्य अभ्यास में हिस्सा लेंगे, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा मजबूत होगी। चौथी पहल केबल कनेक्टिविटी को मजबूती देने से जुड़ी है, जिसके तहत हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षित और भरोसेमंद संचार बुनियादी ढांचे तक पहुंच का विस्तार किया जा रहा है।

Comments (0)

Leave a Comment