Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement

भारत का रक्षा क्षेत्र में बड़ा कदम

नई दिल्ली । भारत अपने रक्षा क्षमताओं को स्वदेशी नवाचार और आत्मनिर्भरता के बल पर नई ऊंचाइयों पर ले जाने की तैयारी में है। इसी कड़ी में निजी डिफेंस कंपनी, रेफी एमफाइबर, देश में छठी पीढ़ी का फाइटर जेट विकसित कर रही है, जिसकी पहली उड़ान 2030 तक संभव होने का दावा किया है। कंपनी के अध्यक्ष विकास मिश्रा ने हाल ही में नेशनल सिक्योरिटी समिट में वायुसेना के अधिकारियों की उपस्थिति में इस महत्वाकांक्षी परियोजना की घोषणा की। कंपनी के सूत्रों के अनुसार, यह उन्नत लड़ाकू विमान छठी पीढ़ी के सभी वैश्विक मानकों को पूरा करेगा और कई तकनीकी पहलुओं में अमेरिका के अत्याधुनिक एफ-35 लड़ाकू विमान से भी आगे निकल सकता है। यह विकास उस समय में हो रहा है जब भारत पहले से ही पांचवीं पीढ़ी के स्वदेशी स्टेल्थ फाइटर जेट एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (एएमसीए) पर काम कर रहा है। एक निजी कंपनी द्वारा इतने बड़े स्तर पर छठी पीढ़ी के लड़ाकू विमान का दावा भारतीय रक्षा उद्योग में एक महत्वपूर्ण परिवर्तन का संकेत देता है। इस फाइटर जेट के निर्माण में वायुसेना की विशिष्ट आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। रेफी एमफाइबर ने दावा किया है कि इस परियोजना में 12 देशों के विमान इंजीनियर शामिल हैं। कंपनी ने एयरक्राफ्ट डिजाइन और निर्माण के लिए 10 करोड़ डॉलर का फंड भी जुटाया है और ड्रोन प्रौद्योगिकी में अपनी विशेषज्ञता का लाभ उठा रही है। दिल्ली-एनसीआर में 7 लाख वर्ग फुट में फैली इसकी अत्याधुनिक सुविधा दावे को और बल देती है।

एक अन्य महत्वपूर्ण विकास में, भारतीय नौसेना अपनी समुद्री निगरानी क्षमताओं को मजबूत कर रही है। रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) ने वरुण ध्वनि-01 नामक एक अभिनव यंत्र विकसित किया है। यह यंत्र समुद्र के भीतर की आवाज़ों को रिकॉर्ड कर जीसैट उपग्रह के माध्यम से सीधे रक्षा प्रयोगशाला को संकेत भेजेगा। कोच्चि स्थित नौसेना प्रयोगशाला द्वारा विकसित यह तकनीक हिंद महासागर में चीनी पनडुब्बियों की बढ़ती उपस्थिति और पाकिस्तान की बढ़ती नौसैनिक क्षमताओं के मद्देनजर भारत की सुरक्षा को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाएगी। इसे दक्षिण-पूर्वी अरब सागर में रणनीतिक रूप से तैनात किया जाएगा। इसी माह रक्षा मंत्रालय पांचवीं पीढ़ी के एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (एएमसीए) के विकास के लिए एक निजी औद्योगिक पार्टनर का चयन करेगा। एलएंडटी, भारत फोर्ज और टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड जैसे प्रमुख औद्योगिक गठबंधनों को इस परियोजना के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। चुना गया गठबंधन एयरोनॉटिकल डेवलपमेंट एजेंसी (एडीए) के साथ मिलकर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय परियोजना पर काम करेगा, जो भारत की हवाई शक्ति को और मजबूत करेगा।


Comments (0)

Leave a Comment