Search

Shopping cart

Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles
Advertisement

यूपी में 1.27 करोड़ हिंदू वोटर गायब होने के योगी के दावे पर चुनाव आयोग का जवाब

नई दिल्ली । उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को लेकर सियासी विवाद शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के वोटर लिस्ट से गायब होने के दावे पर उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने जवाब दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग मतदाताओं का डेटा धर्म या जाति के आधार पर तैयार नहीं करता। आयोग के पास ऐसा कोई आधिकारिक रिकॉर्ड नहीं है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि कितने हिंदू या मुस्लिम मतदाताओं के नाम सूची में हैं।

दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा उठाया था। उन्होंने दावा किया था कि पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में शामिल करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम विधानसभा की वोटर लिस्ट में नहीं हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि सरकारी योजनाओं के करीब 55 लाख हिंदू लाभार्थियों और 18-19 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 4.5 लाख मतदाताओं के नाम भी सूची में नहीं मिले हैं। राज्य सरकार ने इस संबंध में निर्वाचन आयोग को ज्ञापन भी सौंपा है। मंगलवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नवदीप रिणवा ने बताया कि मतदाता सूची में नाम, उम्र, लिंग, मकान नंबर और रिश्तेदार का नाम जैसी जानकारियां होती हैं। धर्म और जाति का कोई कॉलम नहीं होता। हालांकि, उन्होंने कहा कि सार्वजनिक रूप से उपलब्ध मतदाता सूची का तकनीकी विश्लेषण करके कुछ लोग नामों के आधार पर वर्गीकरण कर सकते हैं, लेकिन इसे आयोग का आधिकारिक डेटा नहीं माना जा सकता।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश की मसौदा मतदाता सूची में कुल 13.58 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें 6.20 करोड़ महिलाएं शामिल हैं। अप्रैल 2026 की सूची के मुकाबले 18.84 लाख मतदाताओं की वृद्धि हुई है। मसौदा सूची पर 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी।



Comments (0)

Leave a Comment