Fri, May 23, 2025

Home/ राष्ट्रीय / आज से खुल जाएगा आश्रम फ्लाईओवर

आज से खुल जाएगा आश्रम फ्लाईओवर

सीएम केजरीवाल करेंगे उद्घाटन

06 Mar 2023 11:16 AM 610 views

आज से खुल जाएगा आश्रम फ्लाईओवर

सोनिया शर्मा
नई दिल्ली। लंबे समय से आश्रम फ्लाईओवर  खुलने का इंतजार कर रहे लोगों के लिए खुशखबरी है। दरअसल, आज सोमवार से आश्रम फ्लाईओवर को फिर से वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा। इससे नोएडा और दिल्ली के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सोमवार को 12 बजे इसका उद्घाटन करेंगे। हालांकि अभी भी छोटा-मोटा काम शेष है।
इन सबके बीच पीडब्ल्यूडी ने इसे रात में भी शुरू करने की योजना बनाई है कि फ्लाईओवर पर स्ट्रीट लाइट का काम सोमवार तक पूरा कर दोपहर बाद इसे जनता के लिए खोल दिया जाए। अगर ऐसा नहीं किया जा सका, तो मंगलवार यानी सात मार्च से हर हाल में इसे जनता के उपयोग के लिए खोल दिया जाएगा।
 
आज से दौड़ सकेंगे हल्के वाहन
ताजा जानकारी के मुताबिक, सराय काले खां की ओर से आश्रम जाने वाले लोग अभी इस फ्लाईओवर का उपयोग नहीं कर सकेंगे। इसकी मुख्य वजह फ्लाईओवर के चढ़ने के स्थान के ऊपर से गुजर रही बिजली की हाईटेंशन लाइन है। लाइन को हटाने के बाद ही इसे शुरू किया जा सकेगा। इस कार्य में लगभग 2 महीने का समय लग सकता है। आश्रम से सराय काले खां और डीएनडी से आश्रम की ओर आवाजाही के लिए यातायात सोमवार से शुरू कर दिया जाएगा। इससे लोगों को राहत जरूर मिलेगी, लेकिन अभी फ्लाईओवर पर केवल हल्के वाहन ही गुजर सकेंगे।
इन वाहनों को नहीं मिलेगी फ्लाईओवर में एंट्री
फ्लाईओवर का उपयोग ढाई मीटर अधिक से अधिक ऊंचाई वाले वाहन नहीं कर सकेंगे। हाईटेंशन लाइन हटाने के बाद ही फ्लाईओवर को बड़े वाहनों के लिए खोला जा सकेगा। वहीं, सराय काले खां से आश्रम की ओर जाने के लिए अभी वाहन चालकों को दो माह का इंतजार करना होगा।