पवन शर्मा
नई दिल्ली। एशिया कप 2023 का खिताब जीतने के बाद टीम इंडिया स्वदेश लौट आई है। फाइनल मुकाबले को महज 3 घंटे के अंदर खत्म करने के बाद भारतीय टीम सोमवार सुबह अपने वतन लौटी। रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने खिताबी मुकाबले में श्रीलंका को 10 विकेट से पीटा और 8वीं बार एशियाई चौंपियन बनी। एशिया कप 2023 के फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया का प्रदर्शन जोरदार रहा। श्रीलंका को पटखनी देने के बाद सोमवार की सुबह मुंबई के कलीना एयपोर्ट पर विराट कोहली, कप्तान रोहित शर्मा, ईशान किशन, ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह नजर आए। एशियाई चौंपियन बनने के बाद अब टीम इंडिया अपने अगले मिशन यानी आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 पर फोकस करेगी, जिसकी शुरुआत 5 अक्टूबर से होनी है। 12 साल बाद भारत विश्व कप की मेजबानी करेगा। भारतीय टीम ने एशिया कप 2023 के फाइनल में वनडे क्रिकेट की अपनी सबसे बड़ी जीत का स्वाद चखा। टीम इंडिया ने 263 गेंद शेष रहते हुए ही श्रीलंका को 10 विकेट से धूल चटाई और एशिया कप के खिताब को 8वीं बार अपने नाम किया। इसके साथ ही एकदिवसीय क्रिकेट में श्रीलंका की टीम भारत के खिलाफ अपने सबसे न्यूनतम स्कोर पर ऑलआउट हुई। श्रीलंका के पांच बल्लेबाज बिना खाता खोले पवेलियन लौटे और पूरी टीम सिर्फ 50 रन बनाकर सिमट गई। मोहम्मद सिराज ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए अपने 7 ओवर के स्पेल में सिर्फ 21 रन खर्च किए और छह श्रीलंकाई बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई। सिराज एशिया कप के इतिहास में छह विकेट चटकाने वाले पहले भारतीय और कुल दूसरे गेंदबाज बने। इससे पहले साल 2008 अंजता मेंडिस ने इस टूर्नामेंट में छह विकेट लेने का कारनामा किया था। वहीं, हार्दिक पांड्या ने अपने 2.2 ओवर के स्पेल में सिर्फ 3 रन खर्च करते हुए तीन विकेट झटके।