Sat, Apr 26, 2025

Home/ राष्ट्रीय / नौ से 14 वर्ष की लड़कियों के लिए सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए अभियान शुरू होगा

नौ से 14 वर्ष की लड़कियों के लिए सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए अभियान शुरू होगा

दो की जगह लग सकता है एक डोज

06 Feb 2024 02:56 PM 145 views

नौ से 14 वर्ष की लड़कियों के लिए सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए  अभियान शुरू होगा

सोनिया शर्मा
नई दिल्ली। केंद्र सरकार के अंतरिम बजट 2024- 25 में नौ से 14 वर्ष की लड़कियों के लिए सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए कैंसर टीकाकरण अभियान चलाने की घोषणा की है। हाल के बरसों में सर्वाइकल कैंसर एक महामारी की तरह बढ़ रहा है। सर्वाइकल कैंसर से भारत में हर साल करीबन 1.20 लाख महिलाएं इससे पीड़ित होती हैं और इसके कारण 77 हजार महिलाओं की मौत होती है। दुनियाभर में सर्वाइकल कैंसर के मरीजों में भारत के 20 फीसदी है। देश में सर्वाइकल कैंसर की जांच महज एक फीसदी महिलाएं कराती हैं। जबकि विश्व स्वास्थ्य संगठन  का कहना है कि कम से कम 70 प्रतिशत महिलाओं की सर्वाइकल कैंसर की जांच होनी चाहिए। ऐसे में इस बीमारी से बचने और इसके रोकथाम के लिए अब भारत में कोविड वैक्सीनेशन की तरह सर्वाइकल कैंसर वैक्सीनेशन अभियान चलाया जाएगा। आईसीएमआर के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ कैंसर प्रिवेंशन एंड रिसर्च (एनआईसीपीआर) के अधिकारियों के अनुसार मुताबिक सर्वाइकल कैंसर के वैक्सीन के पहले फेज में टीके की उपलब्धता के अनुसार इसके टीकाकरण की योजना बनाकर शहर से गांव तक नौ से 14 वर्ष तक की लड़कियों का वैक्सीनेशन किया जाएगा। अलग अलग फेज में यह अभियान चलाया जाएगा। लोकसभा चुनाव के बाद इस अभियान के शुरू होने की संभावना है। 2024-25 में देश में इस आयुवर्ग की करीबन 6.8 करोड़ लड़कियों को कैंसर वैक्सीन लगाया जाएगा। अभी सिक्किम में दो डोज वाला सर्वाइकल कैंसर का टीका लगाया जा रहा है, बताया जा रहा है कि सीरम इंस्टिट्यूट द्वारा बनाई जा रही कैंसर वैक्सीन का एक डोज लगाया जा सकता है। 
आईसीएमआर के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ कैंसर प्रिवेंशन एंड रिसर्च (एनआईसीपीआर) की डायरेक्टर डॉ. शालिनी सिंह ने बताया कि देश में हर साल सर्वाइकल कैंसर के करीबन 1.2 लाख नए मरीज सामने आते हैं। इससे हर वर्ष 77 हजार महिलाओं की मौत होती है। इससे बचने के लिए केंद्र सरकार की तरफ से नौ से 14 साल की लड़कियों के लिए कैंसर टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। वैक्सीन की उपलब्धता के अनुसार यह मिशन अलग अलग फेज में चलेगा। इस आयुवर्ग की देश में कुल 6.8 करोड़ लड़कियां हैं। पहले इन्हें ही टीका लगाना है। इसके बाद हर साल नौ साल की करीबन 1.12 करोड़ लड़कियों को यह कैंसर वैक्सीन लगाई जाएगी। सभी राज्यों से डेटा मंगवाया गया है, इसके बाद टीकाकरण की योजना बनाई जाएगी।