Sun, Apr 28, 2024
image
यह दुनिया की सबसे पुरानी ब्रेड है /11 Mar 2024 12:06 PM/    41 views

8,600 साल पुरानी दुनिया की सबसे पुरानी ब्रेड

 नई दिल्ली।  पुरातत्वविदों  ने दुनिया की सबसे पुरानी ब्रेड  खोज निकाला है। यह ब्रेड 8,600 साल पुरानी है, जो दक्षिणी तुर्किये के कोन्या प्रांत में एक पुरातात्विक स्थल कैटलहोयुक में मिली है। यह खोज 6600 ईसा पूर्व की है और ब्रैड कच्चे और फर्मेंटेंड हालत में पाया गया है।
काफी गोल और स्पंजी है ब्रेड
मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, ब्रेड के अवशेष ’मेकन 66’ नामक क्षेत्र में आंशिक रूप से नष्ट हुए ओवन के पास पाए गए, जो प्राचीन मिट्टी की ईंटों से बने घरों से घिरा हुआ था। तुर्किये के नेकमेट्टिन एर्बाकन यूनिवर्सिटी साइंस एंड टेक्नोलॉजी रिसर्च एंड एप्लीकेशन सेंटर (बीआईटीएएम) की एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ब्रेड काफी गोल और स्पंजी है और विश्लेषण के माध्यम से इसकी पहचान की गई।
तुर्किये राज्य समाचार आउटलेट अनादोलु एजेंसी के हवाले से अनादोलु विश्वविद्यालय में एसोसिएट प्रोफेसर, पुरातत्वविद् अली उमुट तुर्कान ने दावा किया ’हम कह सकते हैं कि कैटालहोयुक में मिली यह दुनिया की सबसे पुरानी ब्रेड है। यह एक पाव रोटी का छोटा संस्करण है। इसके बीच में एक उंगली दबाई गई है, इसे पकाया नहीं गया है, लेकिन इसे फर्मेंटेंड किया गया है और अंदर के स्टार्च आज तक जीवित है। उन्होंने कहा कि आज तक इस तरह का कोई समान उदाहरण नहीं मिला है।
ब्रेड के भीतर स्टार्च के कण पाए गए
स्कैनिंग इलेक्ट्रॉन माइक्रोस्कोप से मिली तस्वीरों के मुताबिक, ब्रेड के भीतर स्टार्च के कण दिखाई दिए है। तुर्कीये में गाजियांटेप विश्वविद्यालय के बायोलॉजिस्ट सलीह कावाक ने प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इस खोज ने ब्रेड की प्रामाणिकता के बारे में हमारे संदेह को खत्म कर दिया है। स्टडी में यह भी बताया गया कि ब्रेड बनाने के लिए आटे और पानी को मिलाया गया था, जिसे बाद में ओवन के पास तैयार किया गया था और संभवतः कुछ समय के लिए संग्रहीत किया गया था। कावाक ने कहा कि यह तुर्कीये और दुनिया के लिए एक रोमांचक खोज है।

Leave a Comment