Sun, Apr 28, 2024
image
गुजरात से मेघालय तक यात्रा वाहनों से होगी /09 Nov 2023 12:46 PM/    74 views

कांग्रेस की दूसरी भारत जोड़ो यात्रा दिसंबर 2023 से फरवरी 2024 के बीच

सोनिया शर्मा
नई दिल्ली । कांग्रेस की दूसरी भारत जोड़ो यात्रा दिसंबर 2023 से फरवरी 2024 के बीच हो सकती है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी गुजरात से मेघालय तक यात्रा करने वाले हैं। इस बार यात्रा सिर्फ पैदल नहीं होगी, बल्कि यात्रा में वाहनों का भी इस्तेमाल होगा। यात्रा के रूट का ऐलान महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नाना पटोले ने 8 अगस्त को किया था। कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम ने सितंबर में कहा था कि पार्टी भारत जोड़ो यात्रा के दूसरे चरण की योजना बना रही है। राहुल गांधी की पहली भारत जोड़ो यात्रा तमिलनाडु के कन्याकुमारी से 7 सितंबर को शुरू हुई थी। 30 जनवरी को जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में इसका समापन हुआ था। 145 दिन चली इस यात्रा ने करीब 3570 किमी का सफर तय किया था। 
कांग्रेस की पहली भारत जोड़ों यात्रा ने 14 राज्यों की सीमाओं को छुआ। इसमें तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, यूपी, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर शामिल हैं।  यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने 12 सभाओं को संबोधित कर 100 से ज्यादा बैठकें और 13 प्रेसवार्ता की थीं। उन्होंने चलते हुए 275 से ज्यादा चर्चाओं में हिस्सा लिया, जबकि कहीं रुककर 100 के करीब चर्चाएं कीं।
नेता, लेखक, सैन्य दिग्गज शामिल हुए
यात्रा के दौरान मशहूर हस्तियों, लेखकों, सैन्य दिग्गजों की भागीदारी भी रही। इसमें पूर्व सेना प्रमुख जनरल (रिटायर्ड) दीपक कपूर, पूर्व नौसेना प्रमुख एडमिरल (रिटायर्ड) एल रामदास और पूर्व आरबीआई गवर्नर रघुराम राजन, पूर्व वित्त सचिव अरविंद मायाराम भी शामिल हुए थे। इतना ही नहीं नेशनल कॉन्फ्रेंस के फारूक अब्दुल्ला, उमर अब्दुल्ला, पीडीपी चीफ महबूबा मुफ्ती, शिवसेना बाल ठाकरे के आदित्य ठाकरे, प्रियंका चतुर्वेदी, संजय राउत और एनसीपी की सुप्रिया सुले जैसे विपक्षी नेता भी मार्च के दौरान कहीं-कहीं राहुल के साथ चले थे।
इतना ही नहीं राहुल गांधी की यात्रा में कई बॉलीवुड का भी तड़का लगा था। इसमें स्वरा भास्कर से लेकर उर्मिला मांतोडकर तक शामिल हैं। वहीं, दक्षिण सिनेमा से कमल हासन भी राहुल के साथ दिखाई दिए थे। पूजा भट्ट, रिया सेन, सुशांत सिंह, रश्मि देसाई, आकांक्षा पुरी और अमोल पालेकर जैसी फिल्म और टीवी हस्तियों सहित समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी रही।

Leave a Comment