Sun, Apr 28, 2024
image
लैंडिंग के बाद सौर पैनल में आई खराबी के चलते बैटरी मोड में कर रहा काम /20 Jan 2024 02:57 PM/    23 views

जापान का यान पहुंचा चांद पर, लेकिन कुछ घंटों का ही मेहमान

टोक्यो । चांद पर यान की सफल लैंडिंग करवाकर अब जापान भी एक अंतरिक्ष महाशक्ति बन गया है। जापान चांद पर पहुंचने वाला 5वां देश बन गया है। शुक्रवार को जापान का रोबोटिक स्मार्ट लैंडर फॉर इन्वेस्टिगेटिंग द मून (स्लिम) सफलतापूर्वक चांद पर उतरा। लेकिन यह कुछ घंटों का ही मेहमान है। जानकारी के अनुसार उसके सौर पैनल ने काम करना बंद कर दिया है, इसलिए यह बैटरी पर ही टिका हुआ है, जैसे ही बैटरी खत्म होगी वह निष्क्रिय हो जाएगा। इसके चांद पर लैंडिंग की जापान में 20 जनवरी की तारीख थी और आधी रात में लोग इस कामयाबी के गवाह बनना चाहते थे। जापान के लोगों ने उसी खुशी को महसूस किया, जो अगस्त 2023 में चंद्रयान-3 की लैंडिंग के बाद भारत के लोगों ने महसूस किया। जापान चांद पर पहुंच गया है, लेकिन यह मिशन पूरी तरह उम्मीद पर खरा नहीं उतरा। जापानी स्पेस एजेंसी (जाक्सा) के मुताबिक अंतरिक्ष यान चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग करने में कामयाब रहा है। स्लिम चंद्रमा के शियोली क्रेटर के पास से डेटा प्राप्त कर रहा है। हालांकि अधिकारियों ने इस दौरान एक खराबी का जिक्र करती हुए कहा कि लैंडर पर लगे सौर ऊर्जा सेल में खराबी देखने को मिली है। यह उम्मीद के मुताबिक बिजली नहीं बना रहे हैं। जिस कारण यह बैट्री मोड पर चल रहा है। बैट्री की अपनी क्षमता है, इस कारण यह अंतरिक्ष यान कुछ घंटे ही काम कर सकेगा।
बताया जा रहा है कि स्लिम इस समय रिजर्व बैट्री पर चल रहा है, जो कुछ ही घंटों में खत्म हो जाएगी। इससे शोधकर्ताओं को लैंडर के जरिए प्रयोग करने का बेहद सीमित समय मिला है। हालांकि जापानी स्पेस एजेंसी को अभी भी उम्मीद है। अधिकारियों ने कहा कि अगर आने वाले हफ्तों में सूर्य की रोशनी का रुख बदलता है और पैनल पर पड़ता है तो स्लिम के सोलर पैनल बिजली बनाने में सक्षम हो सकते हैं। हालांकि अभी भी लैंडर का भविष्य अनिश्चित बना हुआ है। गौरतलब है कि जापान ने 6 सितंबर को इसे लॉन्च किया था। 25 दिसंबर को यह चंद्रमा की कक्षा में पहुंच गया था। लैंडिंग से पहले यह कई हफ्तों तक यह अपने सिस्टम का परीक्षण भी करता रहा।

Leave a Comment