शारजाह । यहां हुए एशिया कप तीरंदाजी में भारत के जूनियर तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच स्वर्ण पदकों सहित कुल 9 पदक जीते हैं। भारतीय तीरंदाजों ने कंपाउंड वर्ग में आठ में से सात पदक जबकि व्यक्तिगत महिला वर्ग में प्रगति को स्वर्ण अदिति स्वामी को रजत और परत कौर को कांस्य पदक मिला वहीं प्रियांश और ओजस देवताले ने कंपाउंड व्यक्तिगत वर्ग में स्वर्ण और रजत पदक अपने नाम किये। वहीं भारतीय कंपाउंड तीरंदाज पुरूष और महिला टीम वर्ग में भी शीर्ष पर रहे जबकि कंपाउंड मिश्रित युगल वर्ग में ही भारत को कोई पदक नहीं मिला। इसमें भारत के ओजस और प्रगति क्वार्टर फाइनल में ही वियतनाम से हार कर बाहर हो गये। वहीं रिकर्व वर्ग में भारत ने एक स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किया। इसके अलावा भारतीय पुरूष टीम ने मृणाल चौहान और पार्थ सालुंके के अच्छे प्रदर्शन से दक्षिण कोरिया को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया जबकि रिकर्व मिश्रित टीम वर्ग में टिशा पूनिया और सालुंके को रजत पदक मिला।