Sun, Apr 28, 2024
image
सीएम सिद्दारमैया ने घटना की निंदा करते हुए आरोपियों को पकड़ने का किया दावा /16 Dec 2023 01:50 PM/    58 views

भाजपा पर लगाया बेलगावी महिला मामले के राजनीतिकरण का आरोप

सोनिया शर्मा
बेंगलुरु । कर्नाटक के सी सिद्दारमैया ने राज्य के बेलगावी शहर में एक मां को सड़कों पर नग्न घुमाए जाने की कड़ी निंदा करते हुए अपराधियों को सलाखों के पीछे डालने का दावा किया। उन्होंने इस भयावह घटना का राजनीतिकरण करने के लिए भाजपा अध्यक्ष नड्डा की आलोचना भी की। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन के तहत कर्नाटक में महिलाओं के खिलाफ हिंसा के कई मामले देखे गए लेकिन नड्डा उन सभी को भूल गए हैं। सीएम ने कहा कि दुर्भाग्य से, नड्डा बेलगावी घटना का इस्तेमाल राजनीति के लिए कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह शर्मनाक है कि भाजपा अध्यक्ष नड्डा राजनीतिक लाभ के लिए ऐसी घटना का राजनीतिकरण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जैसे ही बेलगावी की घटना सामने आई, कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर और महिला एवं बाल कल्याण मंत्री लक्ष्मी हेब्बालकर ने पीड़िता के घर जाकर न केवल उसे सांत्वना दी बल्कि मुआवजा भी दिया गया है। सीएम ने कहा कि पुलिस ने 24 घंटे के भीतर अपराधियों को पकड़कर सलाखों के पीछे डाल दिया है। मैं खुद जांच पर नजर रख रहा हूं। हमारी सरकार दोषियों को सख्त सजा देकर यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि ऐसे अमानवीय कृत्य न दोहराए जाएं।
सीएम ने कहा कि प्रदेश भाजपा के नेता भी राज्य सरकार के कदमों से संतुष्ट हैं। हालांकि अब नड्डा ने अचानक टिप्पणी की है और घटना के चार दिन बाद इस मामले को उछालने का उनका प्रयास पीड़ित के लिए वास्तविक चिंता की बजाय राजनीतिक मकसद का संकेत देता है। अगर नड्डा को वास्तव में महिलाओं की परवाह होती तो वह महिलाओं की सुरक्षा में विफल रहने के लिए पिछली भाजपा सरकार के खिलाफ कार्रवाई करते।  एनसीआरबी के अनुसार भाजपा शासन के पिछले वर्ष 2022 के दौरान कर्नाटक में महिलाओं के खिलाफ हिंसा के 17,813 मामले थे, जबकि वर्ष 2021 में 14,468 मामले थे। तब भाजपा अध्यक्ष क्या कर रहे थे? क्या वह निर्वासन में थे? क्या उन्हें अपनी ही सरकार में साल दर साल महिलाओं के ख़िलाफ़ हिंसा के बढ़ते मामले नहीं दिखे? 
सीएम ने एनसीआरबी की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि मणिपुर से लेकर गुजरात तक, उत्तर प्रदेश से लेकर मध्य प्रदेश तक, जहां भी भाजपा सत्ता में है, महिलाओं के खिलाफ हिंसा के मामले बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, ये मामले साबित करते हैं कि भाजपा स्वाभाविक रूप से महिला विरोधी है। उन्होंने कहा कि राज्य भाजपा के भीतर आंतरिक विवाद पार्टी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा रहे हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता पार्टी अध्यक्ष और विपक्षी नेताओं पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। यदि नड्डा में साहस और शक्ति है, तो उन्हें इन आरोपों की जांच के लिए एक जांच समिति भेजनी चाहिए।

Leave a Comment