सुनील शर्मा
नई दिल्ली । साल 2023 में होने वाले महत्वपूर्ण सीरीज में टीम इंडिया में क्रिकेटर ऋषभ पंत का खेलना संदिग्ध हो गया है। श्रीलंका के खिलाफ 2 दिन पहले घोषित हुई टीम इंडिया से ऋषभ पंत पहले ही बाहर थे। बीसीसीआई ने उन्हें फिटनेस समस्याओं के चलते एनसीए में रिपोर्ट करने को कहा था। टीम इंडिया ने श्रीलंका के खिलाफ टी-20 और वनडे सीरीज खेलनी है। इसी बीच पंत कार हादसे का शिकार हो गए। मालूम हो कि विश्व टैस्ट चौम्पियनशिप 2023 के फाइनल के लिए भारत ने फरवरी में ऑस्ट्रेलिया से 4 टैस्ट खेलने हैं। पंत की इस समय टैस्ट फॉर्म अच्छी थी। उनके न खेलने पर टीम इंडिया को झटका लगेगा। आई.पी.एल 2023 के मैच में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान पंत इस साल नहीं खेल पाएंगे। फ्रैंचाइजी उनकी जगह किसे कप्तान बनाएगी जैसे अब सवाल खड़े होंगे। पंत की कप्तानी में दिल्ली ने पिछले 2 सीजन में अच्छा प्रदर्शन किया था। साल 2023 में एशिया कप पाकिस्तान में होना प्रस्तावित है। भारतीय टीम एशिया कप में सर्वाधिक बार खिताब जीतने वाली टीम है। क्योंकि इसी साल विश्व कप है तो ऐसे में एशिया कप वनडे फॉर्मेट में खेला जाना है। इसमें भी पंत का खेलना संदिग्ध दिख रहा है। अक्तूबर में भारत में क्रिकेट विश्व कप होना है। पंत के जख्मी हो जाने के कारण अब विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन के.एल।राहुल और संजू सैमसन को मौका मिलने की उम्मीद बन गई है। बी.सी.सी.आई. सैक्रेटरी जय शाह ने पंत के मेडिकल बुलेटिन में कहा कि ऋषभ के माथे पर 2 कट लगे हैं उनके दाहिने घुटने का लिगामेंट फट गया है और उनकी दाहिनी कलाई टखने पैर के अंगूठे में भी चोट लगी है और उनकी पीठ पर घर्षण की चोट लगी है। ऋषभ की हालत स्थिर बनी हुई है।