नई दिल्ली । बॉलीवुड के मंझे हुए कलाकार पंकज त्रिपाठी अपने अभिनय से फैंस का दिल जीत लेते हैं। छोटे-छोटे किरदारों से अपनी शुरुआत करने वाले अभिनेता आज के समय में हिंदी सिनेमा में एक बड़ा नाम हैं। उनके चाहने वाले सिर्फ उनकी शानदार एक्टिंग के लिए ही उन्हें पसंद नहीं करते, बल्कि बिहार से ताल्लुक रखने वाले पंकज त्रिपाठी अपनी सादगी और सरलता से भी लोगों का दिल जीत लेते हैं। उनकी सिम्पल बातें भी लोगों के चेहरों पर मुस्कान ले आती हैं और ऐसा ही कुछ देखने को मिला, जब अनुष्का शर्मा पंकज त्रिपाठी को बर्थडे को लेकर दिए गए स्टेटमेंट के बाद अपनी हंसी नहीं रोक सकीं। जल्द ही फुकरे 3 में नजर आने वाले पंकज त्रिपाठी के जन्मदिन को लेकर दिए गए स्टेटमेंट को अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर शेयर किया। इस वायरल वीडियो में पंकज त्रिपाठी बर्थडे को लेकर समस्या पर बात करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वह कहते हैं, सोशल मीडिया के दौर में आजकल एक अलग समस्या है। जिसका जन्मदिन होता है, उसे दिन भर ट्विटर पर लगा देते हैं। पूरे दिन बैठे रहो उनको थैंक यू बोलो। जन्मदिन है तो छोड़ दो यार, नहीं तो ये बैन कर देना चाहिए कि जन्मदिन सोशल मीडिया पर नहीं बनाना है। जिसका बर्थडे है, उसे अपने मन का करने दो, दिन भर खुद बैठा या फिर चार लोग लगाने पड़ते हैं, जो आपको आकर बताए।
सोशल मीडिया पर पंकज त्रिपाठी के बर्थडे बैन के इस बयान को सुनने के बाद चकड़ा एक्स्प्रेस एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा भी अपनी हंसी नहीं रोक पायीं और उन्होंने इंस्टा स्टोरी पर हंसी के मारे आंखों से निकलने वाला इमोजी लगाया। अनुष्का शर्मा के आगामी प्रोजेक्ट्स की बात करें तो वह जल्द ही अपना कमबैक करेंगी। हालांकि, इस बार वह फिल्मी परदे पर नहीं, बल्कि ओटीटी पर नजर आएंगी। इसके अलावा फुकरे 3 में पंडित जी बनकर पंकज त्रिपाठी अपने दर्शकों को गुदगुदाने के लिए कमर कस चुके हैं। उनकी फिल्म 28 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।