Sun, Apr 28, 2024
image
शुभमन के लिए टेस्ट की पिछली 9 पारियां विशेष नहीं रही हैं /22 Jul 2023 02:03 PM/    1415 views

तीसरे नंबर पर अब तक विफल रहे हैं शुभमन

राहुल शर्मा
पोर्ट ऑफ स्पेन । युवा बल्लेबाज शुभमन गिल के तीसरे नंबर पर उतरने का फैसला अब तक सफल होता नहीं दिखा है। यहां दोनो ही टेस्ट मैचों में तीसरे नंबर पर उतरते हुए वह एक बार भी बड़ी पारी नहीं खेल पाये हैं। पहले टेस्ट में वह केवल 6 रन ही बना पाये जबकि दूसरे टेस्ट में भी वह 12 गेंद पर 10 रन ही बनाकर पेवेलियन लौट गये। इससे पहले वह टेस्ट करियर में केवल एक बार नंबर-3 पर उतरे थे।  दिसंबर 2021 में न्यूजीलैंड के खिलाफ तब उन्होंने वानखेड़े स्टेडियम में नंबर-3 पर 47 रन की पारी खेली थी। 23 साल के शुभमन ने सलामी बल्लेबाज के तौर पर  टेस्ट में 2 शतक और 4 अर्धशतक लगाये हैं। 
वहीं कप्तान रोहित शर्मा ने कहा था कि शुभमन ने कोच राहुल द्रविड़ से नंबर-3 पर उतरने की इच्छा जतायी थी क्योंकि वह घरेलू क्रिकेट में इसी नंबर पर उतरते थे। इसी कारण यशस्वी को पारी की शुरुआत के लिए भेजा गया। यशस्वी ने सलामी बल्लेबाज के तौर पर पहले ही टेस्ट में शतक और दूसरे में अर्धशतक लगाया। दूसरी ओर शुभमन नंबर तीन पर अब तक विफल रहे हैं। माना जा रहा है कि उन्हें इस नंबर पर अब एक बार ही खेलने को मिलेगा। वहीं अगर वह असफल रहे तो प्रबंधन कोई फैसला कर सकता है। शुभमन के लिए टेस्ट की पिछली 9 पारियां विशेष नहीं रही हैं। इस दौरान वह केवल एक बार ही 50 से अधिक रन बना पाये हैं। वहीं 8 पारियों में वह 30 रन भी नहीं बना पाये। बांग्लादेश के खिलाफ दिसंबर में उन्होंने मीरपुर में 20 और 7 रन बनाए थे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 पारियों में 21, 5 और 128 रन बनाए। वहीं जून में विश्व टेस्ट चौंपियनशिप के फाइनल में वे 13 और 18 रन की ही पारी खेल सके। शुभमन के टेस्ट करियर की बात करें, तो उन्होंने अब तक 18 मैच की 32 पारियों में 31 की औसत से 937 रन बनाये हैं। इसमें दो शतक और 4 अर्धशतक शामिल हैं। 128 रन उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। 

Leave a Comment