Sun, Apr 28, 2024
image
सिनी एक ट्रेंड भरतनाट्यम डांसर हैं और अकाउंटेंसी की डिग्री हासिल कर चुकी हैं /09 Mar 2024 03:05 PM/    34 views

भारत को मिस वर्ल्ड के स्टेज पर सिनी शेट्टी रिप्रेजेंट कर रही हैं

नई दिल्ली। मिस वर्ल्ड 2024 का फाइनल हमारे देश के लिए एक बहुत ही महत्वपूर्ण इवेंट है। भारत करीब 28 साल बात मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है। फाइनल्स में हिस्सा लेने के लिए अन्य देशों की प्रतिभागी भी भारत पहुंच चुकी हैं। 9 मार्च को उसका फाइनल है, जिसमें भारत को सिनी शेट्टी रिप्रेजेंट कर रही हैं, जो फेमिना मिस इंडिया 2022 का खिताब जीत चुकी हैं।
सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं, कि क्या मानुषी छिल्लर के बाद भारत की तरफ से अगली मिस वर्ल्ड सिनी शेट्टी बन पाएंगी। हाल ही में, सोशल मीडिया पर इनका भरतनाट्यम करते हुए वीडियो काफी वायरल हो रहा है, जिसे देखकर कुछ लोग तो यह भी कह रहें हैं कि सिनी ऐश्वर्या राय बच्चन के नक्श-ए-कदम पर चलती नजर आ रही हैं।


ऐश्वर्या राय को दिया ट्रिब्यूट
दरअसल, सिनी ने पूर्व मिस वर्ल्ड और अभिनेत्री को ट्रिब्यूट देते हुए ऐश्वर्या राय बच्चन के गाने पर परफॉर्म किया था। लोगों को सिनी से काफी उम्मीद है कि इस साल मिस वर्ल्ड का खिताब भारत जीतेगा। इस मौके पर आइए जानते हैं सिनी शेट्टी के जीवन से जुड़ी कुछ खास बातें।
सिनी शेट्टी का परिवार कर्नाटक से है, लेकिन उनका जन्म मुंबई में हुआ। सिनी का ननिहाल रॉयल परिवार से ताल्लुक रखता है और उनके दादाजी एक स्वतंत्रता सेनानी थे। सिनी में इन दोनों परिवारों के गुण देखने को मिलते हैं। उनमें रॉयल नजाकत के साथ-साथ बेबाक तरीके से अपने विचार रखने का हुनर भी है। इनके पास फाइनेंस और अकाउंटेंसी में स्नातक डिग्री है और 21 साल की उम्र में मिस इंडिया का खिताब जीतने से पहले, वे चार्टर्ड फाइनेंस अकाउंटेंसी का कोर्स कर रही थीं।


14 साल की उम्र में आरंगेत्रम लिया
इसके साथ ही सिनी एक ट्रेंड भरतनाट्यम डांसर भी हैं। इन्होंने 14 साल की उम्र में आरंगेत्रम प्राप्त किया था। उनकी डांसिंग स्किल्स का पता तो आपको सोशल मीडिया पर इनके वायरल हो रहे पोस्ट को देखकर लग ही गया होगा। मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में इन्होंने भरतनाट्यम और बॉलीबुड का ऐसा तड़का लगाया कि लोग इनके दिवाने हो गए हैं।
सिनी को डांस करना बेहद पसंद है। कोविड-19 के समय उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने डांस के वीडियो पोस्ट करना शुरू किए, जिन्हें लोगों से खूब सराहना मिली। उनके मिस इंडिया के सफर में उनकी डांस टीचर से जुड़ा एक बेहद अनोखा किस्सा है। 16 साल की उम्र में एक नए डांस फॉर्म को सीखने के लिए जब वे पहली बार क्लास में पहुंची, तो उनकी टीचर ने कहा लो आ गई हमारी मिस इंडिया। इसके बाद 2022 में सिनी ने मिस इंडिया का खिताब जीता, जिस पर उनकी टीचर को बहुत गर्व हुआ।

प्रियंका चोपड़ा को मानती हैं प्रेरणा
सिनी पूर्व मिस वर्ल्ड प्रियंका चोपड़ा को अपनी प्रेरणा मानती हैं। उनका कहना है कि वो उनसे खुदको जोड़कर देख पाती हैं। उन्होंने कहा कि वो भी प्रियंका चोपड़ा की तरह अपने विचारों को खुलकर लोगों के सामने रखने से नहीं डरतीं। सिनी शेट्टी पर पूरे भारत की उम्मीदें टिकी हैं कि 2017 के बाद भारत को फिर से मिस वर्ल्ड का खिताब मिल सकता है।

Leave a Comment