Sat, Apr 26, 2025

Home/ राष्ट्रीय / दिल्ली में आई बाढ़ को किसी ने बताया प्राकृतिक, तो कोई बता रहा प्रायोजित

दिल्ली में आई बाढ़ को किसी ने बताया प्राकृतिक, तो कोई बता रहा प्रायोजित

जानबूझकर यमुना में छोड़ा पानी, दिल्ली व हरियाणा सरकार के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी

16 Jul 2023 01:07 PM 451 views

दिल्ली में आई बाढ़ को किसी ने बताया प्राकृतिक, तो कोई बता रहा प्रायोजित

सोनिया शर्मा
नई दिल्ली । देश की राजधानी दिल्ली में पिछले तीन दिनों से बाढ़ के हालात बने हुए हैं, लेकिन इस बाढ़ पर भी आरोप-प्रत्यारोप लगाए जा रहे हैं। दिल्ली सरकार का आरोप है कि यमुना में पानी जानबूझकर छोड़ा गया है, जबकि हरियाणा सरकार ने इसे सिरे से नकार दिया है। हालांकि यहां पर बाढ़ इतनी भयंकर आई कि त्राहिमाम की स्थिति हो गयी। दिल्ली सरकार के सारे विभागों के हाथ-पांव फूल गये। हालात को संभालने के लिए एनडीआरएफ, सेना और नौसेना को उतारना पड़ा। जाहिर है, इस सबसे दिल्ली सरकार के दावों की कलई खुली तो आम आदमी पार्टी के लिए बड़ी चुनौती खड़ी हो गयी। आम आदमी पार्टी ने तुरंत आरोप मढ़ दिया कि दिल्ली में आपदा प्राकृतिक नहीं बल्कि प्रायोजित है। दिल्ली सरकार ने आरोप लगाया कि हरियाणा ने यमुना में जानबूझकर पानी छोड़ा है तो दूसरी ओर हरियाणा सरकार का कहना है कि हमें दिल्ली सरकार की समझ पर तरस आता है क्योंकि हमारे पास कोई बांध नहीं बल्कि बैराज है। फिलहाल की बात करें तो दिल्ली में उफान पर बह रही यमुना नदी में शनिवार सुबह से जलस्तर घटना शुरू हो गया है, लेकिन यह कुछ सेंटीमीटर प्रति घंटे की गति से ही कम हो रहा है। उधर, दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पाेरेशन (डीएमआरसी) ने यमुना पुल पर मेट्रो ट्रेन पर लगाया गया गति प्रतिबंध, नदी के जलस्तर में गिरावट आने के बाद हटा दिया है। डीएमआरसी ने कहा कि सभी ट्रेन अब सामान्य रफ्तार से चल रही हैं। इस बीच, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि यमुना नदी में जलस्तर धीरे-धीरे घट रहा है और अगर भारी बारिश नहीं हुई, तो हालात जल्द सामान्य हो जाएंगे। बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी में अब भी कई इलाके जलमग्न हैं। मुख्यमंत्री ने लोगों को जलमग्न इलाकों में जाने से बचने की सलाह दी है। उन्होंने दिल्ली के शांतिवन इलाके में बाढ़ के पानी में खेल रहे बच्चों का वीडियो ट्वीट करते हुए कहा कि मैं सबसे अपील करता हूं कि ऐसा न करें। यह जानलेवा हो सकता है। केजरीवाल ने बताया कि वजीराबाद और चंद्रावल में जलशोधन संयंत्र रविवार तक फिर से काम करना शुरू कर देंगे। 
दिल्ली सरकार और आम आदमी पार्टी के आरोप
दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी और आम आदमी पार्टी के राज्य सभा सदस्य संजय सिंह ने हरियाणा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण दिल्ली में बाढ़ आई है। इन आरोपों पर हरियाणा सरकार ने कहा कि केजरीवाल सरकार लोगों के बीच भ्रम फैलाने का काम कर रही है। आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह ने एक प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद हरियाणा सरकार से ‘बातचीत’ कर सकते थे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। 
वहीं आप नेता सोमनाथ भारती ने भी दिल्ली की बाढ़ को ‘भाजपा निर्मित आपदा’ बताया। भारती ने आरोप लगाया घ्कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा की पूर्वी और पश्चिमी नहर पूरी तरह सूखी पड़ी हैं। पानी को जानबूझकर दिल्ली की तरफ छोड़ा गया। आप की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि दिल्ली में पिछले तीन दिनों से बारिश नहीं हुई है। इसके बावजूद यमुना के तटीय इलाके अभी जलमग्न हैं। पार्टी के अन्य नेताओं की तरह उन्होंने में भी दिल्ली में आई बाढ़ के लिए हरियाणा को जिम्मेदार ठहराया। 
दूसरी ओर, हथिनीकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण दिल्ली में यमुना का जलस्तर बढ़ने को लेकर आरोप-प्रत्यारोप के बीच हरियाणा के शिक्षा मंत्री कंवर पाल ने कहा कि बैराज से अतिरिक्त पानी नहीं छोड़ने से ‘बहुत बड़ा नुकसान’ हो सकता था। मंत्री ने कहा कि जब बाढ़ आ जाए या भारी वर्षा हो जाए तो पानी छोड़ने के सिवा कोई विकल्प नहीं होता है। यदि हम पानी रोक लेते हैं तो स्थिति विध्वंसकारी होगी। पाल ने कहा कि हथिनीकुंड में जलाशय की भांति बहुत बड़ी मात्रा में पानी को भंडारित करने की प्रणाली नहीं हैं। इस तरह से आरोप- प्रत्यारोपों के बीच दिल्ली में चमुना का पानी धीरे-धीरे कम हो रहा है।