Thu, May 09, 2024
image
मौसम के बदले तेवर /27 Apr 2024 01:17 PM/    7 views

सुबह बादल, दिन में तेज गर्मी, फिर तेज आंधी के साथ बौछारें

सोनिया शर्मा
नई दिल्ली । दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला बदला हुआ दिखाई दे रहा है। राजधानी में शुक्रवार को मौसम ने कई रंग दिखाए। सुबह की शुरुआत जहां बादलों के साथ हुई, वही दोपहर में तेज गमी पड़ी। शाम के समय तेज आंधी के साथ बौछारें आने से गर्मी से राहत मिली। इस सीजन में पहली बार तापमान 40 डिग्री को पार कर गया। मई के शुरुआती दो तीन दिनों से पहले लू चलने की संभावना नहीं है। दोपहर में तेज धूप ने लोगों को काफी अधिक परेशान किया। गुरुवार को तापमान 38 डिग्री रहा था। हवा में गर्माहट के अहसास ने लोगों को लू की याद दिला दी। शाम चार बजे के बाद मौसम एक बार फिर बदलने लगा। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट को आरेंज अलर्ट में बदला। इसके बाद तेज आंधी चली। आंधी के बाद कुछ जगहों पर बौछारें भी गिरी। आंधी के दौरान पालम में हवाओं की गति 46 किलोमीटर प्रति घंटा और सफदरजंग में 28 किलोमीटर प्रति घंटे रही। मौसम विभाग के अनुसार, साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से दिल्ली एनसीआर का मौसम बदला है। रविवार से इसका असर खत्म हो जाएगा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री रहा। यह सामान्य से एक डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री रहा। यह सामान्य से दो डिग्री कम है। हवा में नमी का स्तर 16 से 66 प्रतिशत तक रहा। दिल्ली में मयूर विहार एकमात्र ऐसा स्थान रहा, जहां तापमान 40 डिग्री से कम रहा। यहां का अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री रहा। मंगेशपुर का अधिकतम तापमान 42.2, पीतमपुरा का 42, पूसा का 42 डिग्री रहा। यह सबसे गर्म एरिया रहे। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को हल्की बारिश की संभावना है।

Leave a Comment