नई दिल्ली । इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 2023 सत्र के लिए पंजाब किंग्स ने अनुभवी सलामी बल्लेबाज शिखर धवन को टीम का कप्तान बनाया है। धवन को मयंक अग्रवाल की जगह कप्तानी सौंपी गयी है। मयंक को पिछले सत्र में टीम के खराब प्रदर्शन को देखते हुए कप्तानी से हटाया गया है। मयंक की कप्तानी में टीम प्लेऑफ तक नहीं पहुंच पायी थी। अब टीम को उम्मीद रहेगी कि अनुभवी धवन उसे 16 वें सत्र में जीत दिलाएंगे। राहुल के लखनऊ सुपर जाइंट्स से जुड़ने के फैसले के बाद मयंक को 2022 के सत्र के लिए कप्तान बनाया गया था। टीम उनकी कप्तानी में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई। मयंक भी 16.33 की औसत से केवल 196 रन ही बना पाए थे। पंजाब पिछले साल ही धवन को कप्तान बनाने जा रही थी पर बाद में उसने युवा मयंक को यह जिम्मेदारी देने का फैसला किया था। अब टीम ने धवन के लंबे अनुभव को देखते हुए उन्हें कप्तानी दी है। धवन का कप्तान के तौर पर प्रदर्शन संतोषजनक रहा है। उन्होंने दूसरे दर्जे की राष्ट्रीय टीम की भी कप्तानी करते हुए जीत दर्ज की है।
हैडिन को सहायक कोच बनाया
पंजाब किंग्स ने इसके साथ ही स्ट्रेलियाई विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रैड हैडिन को अपनी टीम में सहायक कोच बनाया है। हैडिन को टीम में फील्डिंग कोच की जिम्मेदारी दी गयी है। वहीं पूर्व दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटर चार्ल लैंगवेल्ट को गेंदबाजी कोच के तौर पर रखा गया है। किंग्स ने हाल ही में कई बड़े बदलाव किये हैं। फ्रेंचाइजी ने इससे पहले अनिल कुंबले की जगह ट्रेवर बेलिस को मुख्य कोच बनाया था।