सुनील शर्मा
नई दिल्ली । कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) से दिसंबर 2022 में कुल 14.93 लाख नए सदस्य जुड़े हैं। श्रम मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले इसमें दो प्रतिशत की वृद्धि रही है। मंत्रालय ने बताया कि वार्षिक आधार पर दिसंबर 2022 में सदस्यों की संख्या में 32,635 की वृद्धि रही है। कुल 14.93 लाख सदस्यों में से नए सदस्यों की संख्या 8.02 लाख रही है। यानी यह सदस्य पहली बार ईपीएफओ की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े हैं।
2.39 लाख रही 18-21 वर्ष की आयुवर्ग वालों की संख्या
मालूम हो कि पहली बार जुड़ने वाले नए सदस्यों में 18-21 वर्ष की आयुवर्ग वालों की संख्या 2.39 लाख रही है, जबकि 22-25 वर्ष की आयुवर्ग वाले सदस्यों की संख्या 2.08 लाख रही है। नए सदस्यों में 18-25 वर्ष की आयुवर्ग वालों की हिस्सेदारी 55.64 प्रतिशत रही है। इससे संकेत मिलता है कि ईपीएफओ से जुड़ने वालों में अधिकांश सदस्य पहली बार नौकरी करने वाले हैं।
3.84 लाख सदस्यों ने छोड़ा ईपीफओ
डाटा के अनुसार, दिसंबर 2022 में 3.84 लाख सदस्यों ने ईपीफओ छोड़ा है। वहीं, 10.74 लाख सदस्य ऐसे रहे हैं जो ईपीएफओ छोड़ने के बाद फिर से इससे जुड़े हैं। नए सदस्यों में महिलाओं की संख्या 2.05 लाख रही है। कुल नए सदस्यों में महिलाओं की हिस्सेदारी नवंबर 2022 की 25.14 प्रतिशत से बढ़कर 25.57 प्रतिशत रही है। श्रम मंत्रालय के अनुसार, दिसंबर 2022 में कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआइसी) से 18.03 लाख नए सदस्य जुड़े हैं।