Sat, Apr 26, 2025

Home/ राष्ट्रीय / बेरोजगारी दर ज्यादा लेकिन भाजपा की रुचि सिर्फ अमीरों की रक्षा करने मेंः राहुल गांधी

बेरोजगारी दर ज्यादा लेकिन भाजपा की रुचि सिर्फ अमीरों की रक्षा करने मेंः राहुल गांधी

यदि भारत में इस दुनिया का दूसरा सबसे धनी व्यक्ति है तो हमारे यहां बेरोजगारी की ऊंची दर क्यों है?

17 Sep 2022 03:07 AM 664 views

 बेरोजगारी दर ज्यादा लेकिन भाजपा की रुचि सिर्फ अमीरों की रक्षा करने मेंः  राहुल गांधी

 
कोल्लम । कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने हाल ही में देश में बेरोजगारी दर में वृद्धि को लेकर भाजपा एवं आरएसएस पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि केंद्र की राजग सरकार की रुचि बस देश के कुछ उद्योगपतियों की रक्षा करने में है। भारत जोड़ो यात्रा के नौवें दिन करुणागपल्ली में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए गांधी ने कहा कि दुनिया का दूसरा सबसे धनी व्यक्ति इस देश के एक नेता का घनिष्ठ है। मैं आपसे एक सरल प्रश्न पूछता हूं। यदि भारत में इस दुनिया का दूसरा सबसे धनी व्यक्ति है तो हमारे यहां बेरोजगारी की ऊंची दरों क्यों है? लाखों भारतीय बेरोजगार हैं, उसका कारण यह है कि सरकार की रुचि बस कुछ उद्योगपतियों को बचाने में है। विनिवेश और सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों के निजीकरण के कारण लाखों लोग नौकरी गंवा रहे हैं। कौन लोग सार्वजनिक क्षेत्र के इन उपक्रमों को ले रहे हैं? वे देश के उन्हीं पांच या छह उद्योगपतियों के पास जा रहे हैं जो इस सरकार से फायदा उठा रहे हैं। गांधी ने अपने 20 मिनट के भाषण में कहा कि इस देश के लोग जानते हैं कि आरएसएस और भाजपा ने इस सुंदर देश के साथ क्या किया है। 
वो देख सकते हैं कि भाजपा और आरएसएस नफरत फैला रहे हैं। वे देख सकते हैं कि कैसे भाजपा और आरएसएस सत्ता में आने के बाद एक भाई को दूसरे से लड़वाते हैं और कैसे वे लोगों को धार्मिक, सांप्रदायिक और भाषाई आधार पर बांटने का काम करते हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की आलोचना करते हुए गांधी ने कहा कि संघ महिलाओं को दूसरे दर्जे का नागरिक मानता है। आरएसएस के लिए भारत की महिलाएं दूसरे दर्जे की नागरिक हैं। उनके पास खुद को अभिव्यक्त करने का अधिकार नहीं है। आरएसएस को लगता है कि वे महिलाओं की भूमिका को परिभाषित कर सकते हैं। इस देश के लोग समझ सकते हैं कि इससे राष्ट्र में दरार पैदा होती है। वे जानते हैं कि एक परिवार जो आपस में लड़ता है वह कमजोर होता है। कांग्रेस का 3,570 किलोमीटर लंबा पैदल मार्च 7 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुआ था और जम्मू-कश्मीर में समाप्त होगा।