Sat, Apr 26, 2025

Home/ अंतर्राष्ट्रीय / बिकनी किलर चार्ल्स शोभराज नेपाल जेल से रिहा

बिकनी किलर चार्ल्स शोभराज नेपाल जेल से रिहा

नेपाल सुप्रीम कोर्ट ने शोभराज को रिहा करने और वापस उसके गृह देश भेजने का दो दिन पहले आदेश दिया था

24 Dec 2022 01:51 PM 2895 views

 बिकनी किलर चार्ल्स शोभराज नेपाल जेल से रिहा

काठमांड। बिकनी किलर के नाम से मशहूर चार्ल्स शोभराज को नेपाल के सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद जेल से रिहा कर दिया गया है उसे कड़ी सुरक्षा में कतर एअरवेज की फ्लाईट क्यूआर 647 से दोहा रवाना कर दिया गया है।   शोभराज को यहां की एक जेल से रिहा होने के कुछ घंटे बाद फ्रांस निर्वासित कर दिया गया था। उसने 1970 के दशक में एशिया भर में की गई कई हत्याओं के लिए अधिकांश सजा नेपाल की जेल में काटी है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के दो दिन बाद शोभराज को काठमांडू की केंद्रीय जेल से रिहा कर किया गया।   नेपाल सुप्रीम कोर्ट ने शोभराज को रिहा करने और वापस उसके गृह देश भेजने का दो दिन पहले आदेश दिया था। नेपाल के आव्रजन विभाग और फ्रांसीसी दूतावास ने मिलकर शोभराज के यात्रा दस्तावेज तैयार किए थे।   उसने अपनी हवाई टिकट के लिए ऑनलाइन पैसे की व्यवस्था की थी। हालांकि उसकी तथाकथित पत्नी निहिता बिस्वास आव्रजन कार्यालय में मौजूद थी लेकिन उसे शोभराज से मिलने की अनुमति नहीं दी गई। शोभराज के वकीलों में शामिल सुदेश सुबेदी ने कहा कि उसकी मां और बेटी उसके पेरिस पहुंचने का इंतजार कर रही हैं। इस बीच 1986 में गोवा से शोभराज को गिरफ्तार करने वाले मुंबई पुलिस के सेवानिवृत्त सहायक आयुक्त मधुकर जेंडे ने कहा कि उनका मानना है कि शोभराज जैसे खूंखार अपराधियों को जीवन भर जेल से बाहर नहीं आना चाहिए लेकिन आपराधिक न्याय प्रणाली को उस पर विचार करना चाहिए।  शोभराज को 1976 में अपने एक साथी के साथ नयी दिल्ली के एक होटल में इंजीनियरिंग के 30 से अधिक छात्रों को जहर देने की कोशिश करते समय गिरफ्तार किया गया था। बाद में पता चला कि उसने एक फ्रांसीसी पर्यटक की भी हत्या की है। उसे विभिन्न अपराधों के लिए तिहाड़ जेल में 12 साल कैद की सजा सुनाई गई लेकिन 1986 में वह कड़ी सुरक्षा वाली जेल तोड़कर भाग गया और सुर्खियों में आया था।