Sat, Apr 27, 2024
image
पिता बोले बेटी की जान को खतरा /28 Feb 2023 02:01 PM/    1307 views

अर्चना गौतम ने प्रियंका के पीए पर लगाए गंभीर आरोप

सोनिया शर्मा
नई दिल्ली । बिग बॉस 16 से चर्चा में आई अर्चना गौतम ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के निजी सलाहकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अर्चना गौतम ने फेसबुक लाइव में दावा किया कि प्रियंका गांधी के पीए संदीप सिंह ने उन्हें दो कौड़ी की औरत कहा। अर्चना ने यह भी दावा किया कि संदीप सिंह ने उन्हें रायपुर सत्र के दौरान धमकी दी कि अगर ज्यादा बोती तो जेल में डलवा दूंगा। यही नहीं, संदीप सिंह ने अर्चना गौतम को हाल ही प्रियंका गांधी से मिलने भी नहीं दिया। इसके बाद अर्चना गौतम ने फेसबुक लाइव किया और संदीप सिंह पर कई आरोप लगाए। 
अर्चना गौतम ने दावा किया कि संदीप सिंह से पूरी कांग्रेस पार्टी नाराज है। संदीप सिंह को तमीज नहीं है कि महिलाओं से कैसे बात करते हैं। अर्चना गौतम के पिता ने भी बेटी की जान को खतरा बताया है। उन्होंने कहा है कि अर्चना गौतम को कुछ भी हो सकता है। इसलिए अर्चना गौतम के पिता ने बेटी के लिए सुरक्षा की मांग की है।
ज्ञात हो कि अर्चना गौतम ने 2022 में मेरठ की हस्तिनापुर सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था. लेकिन वह चुनाव हार गईं थीं। बिग बॉस 16 के बाद से लगातार सुर्खियों में रहीं अर्चना गौतम ने 27 फरवरी को फेसबुक लाइव किया। इसमें उन्होंने प्रियंका गांधी के पीए संदीप सिंह पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि रायपुर सत्र के दौरान संदीप ने उन्हें धमकी दी थी। अर्चना ने कहा पूरी कांग्रेस पार्टी संदीप सिंह से नाराज है। 
फेसबुक लाइव में अर्चना गौतम ने सवाल उठाया कि आखिर ऐसे लोगों को पार्टी में रखा ही क्यों गया है? अर्चना गौतम ने कहा कि ऐसे ही लोग पार्टी को अंदर से खा रहे हैं। उन्होंने कहा संदीप सिंह किसी भी महिला को प्रियंका गांधी से मिलने ही नहीं देते हैं। वह हर चीज, हर बात प्रियंका गांधी से छुपा रहे हैं। अर्चना गौतम ने कहा खुद उन्हें प्रियंका गांधी से मिलने में एक साल लग गया।
अर्चना गौतम ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस पार्टी नहीं बल्कि प्रियंका गांधी को जॉइन किया है। वह प्रियंका गांधी की वजह से ही कांग्रेस में आईं हैं। उन्होंने संदीप सिंह को चैलेंज किया है कि हिम्मत है तो फिर वह उन्हें सलाखों के पीछे डालकर बताएं। उधर अर्चना गौतम के पिता गौतम बुद्ध ने बेटी की जान को खतरा बताते हुए विशेष सुरक्षा की मांग की है। गौतम बुद्ध ने कहा उनकी बेटी की जान को खतरा है। जिस तरह से और जो भी बातें संदीप सिंह ने उनकी बेटी को बोली हैं, उसे कुछ भी हो सकता है। 
अर्चना गौतम के पिता ने कहा कि संदीप सिंह का बर्ताव उनकी बेटी के साथ बहुत गलत है। संदीप सिंह ने अर्चना को पहले रायपुर बुलाया। वह अपने खर्चे पर वहां गई और खुद ही अपने लिए सारी व्यवस्था की, लेकिन उसे प्रियंका गांधी से मिलने से रोक दिया गया। अर्चना गौतम के पिता ने कहा अब वह संदीप के खिलाफ एससीएसटी आयोग से लेकर पीएम और महिला आयोग व मानवाधिकार आयोग तक के पास जाएंगे। अर्चना गौतम एक नेता ही नहीं बल्कि अभिनेत्री भी रही हैं। 2018 में मिस बिकिनी के रूप में उन्होंने खूब चर्चा बटोरी थी। उन्हें वास्तविक लोकप्रियता बिग बॉस 16 के बाद से मिली। सलमान खान द्वारा होस्ट किए गए इस शो में अर्चना गौतम टॉप-4 में शामिल रही।

Leave a Comment