Sun, Apr 28, 2024
image
तेजस्वी पर भड़केे सुशील मोदी /05 Jan 2024 12:55 PM/    55 views

तो सभी मंदिर मस्जिद तुड़वाकर अस्पताल बनवा दें- सुशील मोदी

सोनिया शर्मा
पटना। अयोध्या में भगवान श्रीराम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को होना है। इस भव्य आयोजन को लेकर भाजपा विरोधी नेता आए दिन कुछ न कुछ विवादित बयान दे रहे हैं। हाल ही में बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने मधुवनी में कहा था कि बीमार होने पर कहां जाएंगे अस्पताल या मंदिर। वे यहीं नहीं रुके, उन्होंने जनता से यह भी पूछा कि भूख लगेगी तो खाना खाने मंदिर जाएंगे क्या? तेजस्वी के इस बयान पर भाजपा ने उन पर चौतरफा हमले शुरु कर दिए हैं।पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा के राज्यसभा सांसद और पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने तेजस्वी यादव से पूछा है कि मंदिर जरूरी नहीं है तो स्वास्थ्य मंत्री की हैसियत से सभी मंदिर मस्जिदों को तुड़वा कर वहां अस्पताल क्यों नहीं खोल देते? सुशील मोदी ने कहा कि कोई बीमार पड़ेगा तो बेशक अस्पताल जाएगा। लेकिन, मानसिक और आध्यात्मिक शांति के लिए मंदिर की आवश्यकता होती है। जीवन के लिए राम और रोटी दोनों आवश्यक है क्योंकि इनमें कोई विरोधाभास नहीं है।  नौकरी के साथ-साथ ईश्वर की प्रार्थना भी जरूरी है। सुशील मोदी ने कहा कि अगर मंदिर जाना जरूरी नहीं है तो तेजस्वी यादव तिरुपति क्यों गए थे। चार्टर्ड प्लेन में 50 लाख रुपए खर्च करके बाल छिलवाने के लिए तिरुपति क्यों जाना पड़ा? उन्होंने कहा कि देश में मर्यादा पुरुषोत्तम राम सबके दिलों में बसे हैं। उन्हें कोई निकाल नहीं सकता केवल बयानबाजी की जा सकती है। 
इससे पहले केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने तेजस्वी यादव को उनके बयान के लिए निशाने पर लिया था। उन्होंने कहा था कि सैकड़ो वर्षों के संघर्ष के बाद राम मंदिर के रूप में हिंदू आस्था का पुनर्जागरण हो रहा है।  तेजस्वी यादव इसमें व्यवधान पैदा करना चाहते हैं। इसीलिए ऐसा बयान दे रहे हैं। अगर मंदिर जरूरी नहीं है तो पटना के हज भवन में भी अस्पताल खुलवा दें। गिरिराज सिंह ने तेजस्वी के पिता लालू यादव पर भी निशान साधा। कहा कि जब अयोध्या में राम भक्तों पर लाठी चल रही थी उस समय भी लालू प्रसाद यादव ने मुलायम सिंह का समर्थन किया था। बता दें इससे पहले राजद नेता और बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने मधुबनी में कार्यक्रम के दौरान लोगों से पूछा कि आपको भूख लगेगी तो मंदिर में खाना मिलेगा?  बीमार होने पर अस्पताल जाएंगे या मंदिर जाकर पंडित से दिखाएंगे? तेजस्वी के बयान पर भाजपा नेताओं ने मोर्चा खोल दिया है। तेजस्वी ने यह भी कहा था कि राम जी अगर चाहते तो अपना कितना महल बनवा लेते। उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इंतजार नहीं करना पड़ता। 

Leave a Comment