Sat, Apr 27, 2024
image
तालिबान पर आर्थिक असुरक्षा का संकट /07 Feb 2024 09:15 PM/    14 views

गाना सुनने पर तालिबान ने 10 लोगों को हिरासत में

 काबुल। अफगानिस्तान में तालिबान ने अपने शासन के बाद आम लोगों पर प्रतिबंध थोपना जारी रखा है। तालिबान ने कई तरह के प्रतिबंध लगाए हैं और हाल ही में गाने सुनने पर लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। तखर प्रांत के सूत्रों ने बताया कि अफगानिस्तान के येंगी काला जिले में गाने सुनने और संगीत वाद्ययंत्र बजाने के लिए कम से कम 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बता दें कि तालिबान ने पिछले दो साल से अफगानिस्तान के लोगों पर प्रतिबंध लगाना जारी रखा है।
सूत्रों ने बताया कि लोग अपने घरों में भी सुरक्षित नहीं है। बताया गया कि तालिबान के लड़ाकों ने सोमवार को येंगी कला जिले के सफी मंगल गांव में एक घर पर छापा मारा और कम से कम 10 लोगों को हिरासत में लिया। हिरासत में लिए गए लोगों के पास से संगीत सुनने का यंत्र मिला था। इधर, इस बात की पुष्टि तालिबान के स्थानीय अधिकारियों ने भी की है। उन्होंने कहा कि डांस, गाने सुनने और संगीत वाद्ययंत्र बजाने के आरोप में 10 व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है। बता दें कि तालिबान ने अफगानिस्तान के लोगों के संगीत बजाने और नाचने पर प्रतिबंध लगा दिया है।
जानकारी के अनुसार, तालिबान के शासन में किसी को भी संगीत वाद्ययंत्र बजाने, गाना गाने या डांस करने की अनुमति नहीं है। ये नियम शादी समारोह में भी लागू होते हैं। ऐसा करते हुए पकड़े जाने पर कार्रवाई की जाएगी। तालिबान ने पूरे देश में महिलाओं के ब्यूटी पार्लर संचालित करने पर भी प्रतिबंध लगा दिया है।
 
तालिबान पर आर्थिक असुरक्षा का संकट
इधर, संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम ने पिछले महीने जारी अपनी रिपोर्ट में अफगानिस्तान में तालिबान के शासन के तहत बिगड़ती अर्थव्यवस्था को लेकर असुरक्षा का संकेत दिया। यूएनडीपी रिपोर्ट से पता चला है कि अफगानिस्तान की 69 प्रतिशत लोगों के पास रहने के लिए सही जगह नहीं है। साथ ही उन्हें स्वास्थ्य देखभाल, आवश्यक सामान और नौकरी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

Leave a Comment