Sat, Apr 27, 2024
image
आठ राष्ट्रीय राजनीतिक दलों ने वित्त वर्ष 2021-22 में 3289.34 करोड़ की आय प्राप्ति की घोषणा की /02 Mar 2023 02:07 PM/    184 views

कमाई के मामले में भाजपा आगे, दूसरे स्थान पर तृणमूल कांग्रेस रही

सोनिया शर्मा
नई दिल्ली । आठ राष्ट्रीय राजनीतिक दलों ने वित्त वर्ष 2021-22 के दौरान कुल 3289.34 करोड़ रुपए की आय प्राप्त होने की घोषणा की है और इसमें आधे से अधिक राशि भाजपा को मिली है। चुनाव सुधार के लिए कार्यरत एक प्रमुख एनजीओ ने यह जानकारी दी। गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) एसोसिएशन फॉर डैमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) ने विभिन्न दलों द्वारा चुनाव आयोग के साथ सांझा किए गए दस्तावेजों का हवाला देते हुए कहा कि दूसरे स्थान पर तृणमूल कांग्रेस रही है, जिसने 545.745 करोड़ रुपए की आय की घोषणा की है। यह 8 राजनीतिक दलों की कुल आय का 16.59 प्रतिशत है। भाजपा ने 2021-22 के दौरान 1917.12 करोड़ रुपए की कुल आय प्राप्त होने की घोषणा की जिसमें से उसने 854.467 करोड़ रुपए खर्च किया। कांग्रेस की कुल आय 541.275 करोड़ रुपए रही जिसमें से उसने 400.414 करोड़ रुपए खर्च किया। जिन 8 राजनीतिक दलों को राष्ट्रीय राजनीतिक दल का दर्जा चुनाव आयोग से मिला है उनमें भाजपा, कांग्रेस, बसपा, राकांपा, भाकपा, माकपा, तृणमूल कांग्रेस और नैशनल पीपुल्स पार्टी हैं। एडीआर ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने 268.337 करोड़ रुपए खर्च किया। इन 8 राजनीतिक दलों में से 4-भाजपा, तृणमूल कांग्रेस, कांग्रेस और राकांपा ने अपनी कुल आय का 1811.9425 करोड़ रुपए चुनावी बांड के माध्यम से चंदे के रूप में हासिल किए। चुनावी बांड के माध्यम से भाजपा को 1033.70 करोड़ रुपए, तृणमूल कांग्रेस को 528.143 करोड़ रुपए, कांग्रेस को 236.0995 करोड़ रुपए और राकांपा को 14 करोड़ रुपए चंदे में मिले।
 
 

Leave a Comment