Sun, Apr 28, 2024
image
निफ्टी 50 को 20,000 से 21,000 अंक पार करने में 60 कारोबारी सत्र लगे /08 Dec 2023 08:09 PM/    33 views

मॉनेटरी पॉलिसी रिव्यू से झूमा बाजार, निफ्टी 50 पहली बार 21,000 के पार

मुंबई । आरबीआई के मॉनेटरी पॉलिसी रिव्यू के बाद घरेलू शेयर बाजारों में जोरदार उछाल दिखाई दिया। शुक्रवार के कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 304 अंक मजबूत हुआ। वहीं, निफ्टी में भी 68 अंक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि व्यापक बाजारों में तेज मुनाफावसूली देखी गई और दोनों बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांक 1 प्रतिशत तक नीचे आ गए। केंद्रीय बैंक ने रीपो रेट को 6.5 प्रतिशत पर कायम रखा और वित्त वर्ष 2024 के लिए जीडीपी ग्रोथ रेट का अनुमान 6.5 प्रतिशत से बढ़ाकर 7 प्रतिशत कर दिया। इसके पहले मॉनेटरी पॉलिसी रिव्यू से उत्साहित होकर दोपहर के कारोबार में निफ्टी 50 बेंचमार्क ने पहली बार 21,000 का आंकड़ा पार किया। निफ्टी 50 को 20,000 से 21,000 अंक पार करने में 60 कारोबारी सत्र लगे। निफ्टी 50 ने इसी साल 11 सितंबर को पहली बार 20 हजार के स्तर को छूआ था। बीएसई सेंसेक्स में भी बढ़त रही और यह 300 अंक उछलकर 69,888 के नए ऑलटाइम हाई पर पहुंच गया था। हालांकि, इसके बाद बीएसई सेंसेक्स और निफ्टी दोनों की बढ़त कुछ कम हो गई। बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 303.91 अंक की बढ़त के साथ 69,825.60 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स में शुक्रवार को 69,506.12 और 69,893.80 के रेंज में कारोबार हुआ।
वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई ) के निफ्टी में भी 68.25 अंक की बढ़त दर्ज की गई। निफ्टी दिन के अंत में 20,969.40 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी में शुक्रवार को 20,862.70 और 21,006.10 के रेंज में कारोबार हुआ।
दरअसल भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को उम्मीद के अनुरूप लगातार पांचवीं बार नीतिगत दर रेपो में कोई बदलाव नहीं किया और इस 6.5 फीसदी पर बरकरार रखा। साथ ही चालू वित्त वर्ष 2023-24 के लिए इकोनॉमिक ग्रोथ रेट के अनुमान को 6.5 फीसदी से बढ़ाकर 7 फीसदी कर दिया। वहीं खुदरा महंगाई के अनुमान को 5.4 फीसदी पर बरकरार रखा। रेपो दर को 6.5 प्रतिशत पर बरकरार रखने का सीधा मतलब है कि मकान, वाहन सहित विभिन्न कर्जों पर ईएमआई में कोई बदलाव नहीं होगा।

Leave a Comment