Sat, Apr 26, 2025

Home/ व्यापार / अडानी ने एक ही दिन में पलटी बाजी अमीरों की सूची में बेजोस को पछाड़ा

अडानी ने एक ही दिन में पलटी बाजी अमीरों की सूची में बेजोस को पछाड़ा

अडानी की नेटवर्थ में 69.8 करोड़ डॉलर की तेजी आई

13 Jan 2023 02:18 PM 407 views

 अडानी ने एक ही दिन में पलटी बाजी अमीरों की सूची में बेजोस को पछाड़ा

राहुल शर्मा
नई दिल्ली । अडानी ग्रुप के चेयरमैन और एशिया के सबसे बड़े रईस गौतम अडानी गुरुवार को दुनिया के अमीरों की सूची में चौथे नंबर पर खिसक गए थे। ऐमजॉन के फाउंडर जेफ बेजोस उनसे आगे निकल गए थे। लेकिन एक दिन में ही अडानी ने बाजी पलट दी। ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स के मुताबिक शुक्रवार को वह एक बार फिर इस सूची में तीसरे नंबर पहुंच गए थे। अडानी की नेटवर्थ में 69.8 करोड़ डॉलर की तेजी आई। इससे वह 119 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ अमीरों की सूची में तीसरे नंबर पर पहुंच गए। दूसरी ओर बेजोस की नेटवर्थ 118 अरब डॉलर रह गई और वह एक बार फिर से चौथे नंबर पर पहुंच गए। पिछले साल अडानी की नेटवर्थ में 44 अरब डॉलर की तेजी देखने को मिली थी। दस प्रमुख रईसों में कमाई करने वाले एकमात्र रईस थे। वह दुनिया के अमीरों की सूची में दूसरे नंबर पर पहुंच गए थे और यह मुकाम हासिल करने वाले एशिया के पहले शख्स थे। हालांकि इस साल अडानी की नेटवर्थ में 1.75 अरब डॉलर की गिरावट आई है जबकि बेजोस की नेटवर्थ 11.5 अरब डॉलर बढ़ी है। भारत और एशिया के दूसरे सबसे बड़े रईस मुकेश अंबानी की नेटवर्थ में गुरुवार को 1.88 अरब डॉलर की गिरावट आई थी। वह 85.7 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ अमीरों की सूची में आठवें नंबर पर हैं।इस बीच फ्रांस के बर्नार्ड आरनॉल्ट दुनिया के अमीरों की सूची में पहले स्थान पर बने हुए हैं। उनकी नेटवर्थ 184 अरब डॉलर है। इस साल इसमें 21.6 अरब डॉलर की तेजी आई है। टेस्ला के सीईओ एलन मस्क इस सूची में दूसरे नंबर पर हैं। उनकी नेटवर्थ अब 132 अरब डॉलर रह गई है। नवंबर 2021 में उनकी नेटवर्थ 340 अरब डॉलर पहुंच गई थी लेकिन उसके बाद इसमें 200 अरब डॉलर से अधिक की गिरावट आई है। इस सूची में वॉरेन बफे पांचवें बिल गेट्स छठे लैरी एलिसन सातवें स्टीव बामर नौवें और लैरी पेज दसवें नंबर पर हैं।