सोनिया शर्मा
नई दिल्ली । आज सावन महीने की तीसरी सोमवारी है। सावन सोमवार पर उत्सव जैसा माहौल रहता है। इस दिन विधि-विधान और श्रद्धा भाव से भगवान शंकर और आदिशक्ति मां पार्वती की पूजा-अर्चना की जाती है। धर्म ग्रंथों में निहित है कि सावन महीने में भोले शंकर की पूजा करने से सभी प्रकार के सांसारिक सुखों की प्राप्ति होती है। साथ ही साधक को अंत काल में भव सागर से मुक्ति मिलती है। भगवान शिव दीन-दुखियों का दाता और जगत के पिता हैं। उनकी कृपा दृष्टि सब पर बरसती है। अतः साधक भगवान शिव के शरणागत होकर उनकी पूजा-आराधना करते हैं। ज्योतिष शास्त्र में सावन सोमवार पर विशेष उपाय करने का भी विधान है। इन उपायों को करने से सभी प्रकार के दुख और संताप दूर हो जाते हैं। अगर आप भी देवों के देव महादेव को प्रसन्न करना चाहते हैं, तो सावन के तीसरे सोमवार पर ये उपाय अवश्य करें।
- अगर आप करियर-कारोबार में तरक्की और उन्नति या मनचाही सफलता पाना चाहते हैं, तो सावन के तीसरे सोमवार पर स्नान-ध्यान कर श्वेत वस्त्र धारण करें। तत्पश्चात, गन्ने के रस से भगवान शिव का अभिषेक करें। इस उपाय को करने से मनचाही सफलता मिलती है।
- अगर आप आर्थिक तंगी से छुटकारा पाना चाहते हैं, तो सावन सोमवार पर श्रद्धा भाव से भगवान शिव की पूजा करें। पूजा के समय दूध मिश्रित गंगाजल से देवों के देव महादेव का अभिषेक करें। इस उपाय को हर सोमवार पर करें। ऐसा करने से धीरे-धीरे धन संबंधी समस्याएं दूर हो जाती हैं।
- अगर आप शनि की बाधा या अशुभ ग्रहों के प्रभाव से परेशान हैं, तो सावन सोमवर पर गंगाजल में काले तिल मिलाकर भगवान शिव का अभिषेक करें। इस उपाय को करने से शनि की ढैय्या और साढ़े साती से मुक्ति मिलती है। साथ ही घर में सुख और समृद्धि का आगमन होता है।
- अगर आप भगवान शिव को प्रसन्न करना चाहते हैं, तो सावन के तीसरे सोमवार पर पूजा-अर्चना के पश्चात नमक, चीनी, चावल, दूध, दही आदि चीजों का दान करें। इन चीजों के दान से साधक को अमोघ फल की प्राप्ति होती है।