Sat, Apr 27, 2024
image
“हमारी महानता कभी न गिरने में नहीं है, बल्कि हर बार गिरकर उठने में है /27 Jul 2023 12:20 PM/    499 views

आज का भारत हमारे वीर सैनिकों के बलिदान की नींव पर टिका है: रक्षा मंत्री राजनाथ

सोनिया शर्मा
नई दिल्ली । राष्ट्र ने भारत की ऐतिहासिक जीत की 24वीं वर्षगांठ,जिसे हर साल 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है,पर 1999 के कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की । इस दिन को चिह्नित करने के लिए, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने आज लद्दाख के द्रास में कारगिल युद्ध स्मारक का दौरा किया, पुष्पांजलि अर्पित की और उन वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी जिन्होंने ऑपरेशन विजय के दौरान असाधारण वीरता का प्रदर्शन किया था। समारोह में युद्ध नायकों, वीर नारियों और शहीद नायकों के परिवारों की उपस्थिति भी देखी गई। राजनाथ सिंह ने उनसे परस्पर बातचीत की और राष्ट्र की सेवा में सर्वाेच्च बलिदान देने वाले सभी लोगों का स्मरण करते हुए हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने उन्हें आश्वासन दिया कि इन वीरों का बलिदान कभी नहीं भुलाया जाएगा। रक्षामंत्री ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए सशस्त्र बलों की वीरता और प्रतिबद्धता की सराहना की, जिन्होंने समय-समय पर देश को संकट के समय मजबूती से खड़े रहने में मदद की है। उन्होंने कहा कि, आज का भारत सैनिकों के बलिदान की नींव पर टिका है। राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन विजय को एक ऐसी घटना के रूप में वर्णित किया, जिसने प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद भारत के साहस और दृढ़ संकल्प को प्रदर्शित किया है। उन्होंने इस विजय को एक लॉन्च पैड भी करार दिया, जिसने देश को सफलता की ऊंचाइयों को छूने के लिए प्रेरित किया। राजनाथ सिंह ने कहा “हमारी महानता कभी न गिरने में नहीं है, बल्कि हर बार गिरकर उठने में है। युद्ध के दौरान प्रतिद्वंद्वी के पास सामरिक सैन्य लाभ होने के बावजूद, हमारी सेनाओं ने उन्हें पीछे धकेलने और हमारी भूमि को पुनः प्राप्त करने के लिए असाधारण वीरता और कौशल का प्रदर्शन किया। इस विजय के साथ, भारत ने पाकिस्तान और विश्व को संदेश दिया कि अगर देश के हितों को नुकसान पहुंचाया गया तो हमारी सेना किसी भी कीमत पर पीछे नहीं हटेगी।

Leave a Comment