Sat, Aug 02, 2025

Home/ मनोरंजन / जब श्रीदेवी से जुड़ी इस फोटो ने 33 साल पहले मचाई सनसनी

जब श्रीदेवी से जुड़ी इस फोटो ने 33 साल पहले मचाई सनसनी

अनुपम खेर को याद आए पुराने पल

02 Apr 2024 12:57 PM 155 views

जब श्रीदेवी से जुड़ी इस फोटो ने 33 साल पहले मचाई सनसनी

नई दिल्ली। आज से ठीक 33 साल पहले 1991 में सिने ब्लिट्ज नाम के एक मैगजीन में एक महिला की तस्वीर छापी गई। जैसे ही मैगजीन बाजार में आई, चारों ओर खलबली मच गई थी। वजह मैगजीन का हेडलाइन था। लिखा था- ’मैं श्रीदेवी की अनजान बहन हूं।’ नाम बताया गया प्रभादेवी। श्रीदेवी  उस वक्त की टॉप एक्ट्रेस हुआ करती थीं, लेकिन किसी को भी नहीं पता था कि प्रभादेवी नाम की उनकी कोई बहन भी है। जैसे ही खबर सामने आई, हर कोई हक्का-बक्का रह गया। देश में यह खबर आग की तरह फैल गई। बॉलीवुड सेलेब्स भी हैरान रह गए थे। 1 अप्रैल 1991 को जब यह मैगजीन बाजार में उतरी, हाथों-हाथ बिक गई थी। लोगों को विश्वास हो गया था कि तस्वीर में दिख रही महिला वाकई श्रीदेवी की बहन प्रभादेवी है, क्योंकि उनका चेहरा काफी हद तक मिल रहा था। मगर जब इसकी सच्चाई सामने आई तो कोई भी अपनी हंसी नहीं रोक पाया। दरअसल, तस्वीर में दिख रही ये महिला, वास्तव में एक आदमी था। आपको यकीन नहीं होगा कि यह शख्स आखिर कौन है? तस्वीर में दिख रहा ये शख्स कोई और नहीं बल्कि दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर  हैं। जी हां, अनुपम खेर ने मैगजीन के साथ मिलकर यह प्रैंक किया था। जैसे ही सच्चाई सामने आई, हर किसी की हंसी छूट गई। आज 33 साल बाद एक बार फिर यह तस्वीर वायरल हो रही है। अनुपम खेर ने 1 अप्रैल को इंस्टाग्राम अकाउंट पर यह तस्वीर शेयर की है। फोटो के साथ अभिनेता ने कैप्शन में लिखा, “पहचानिए कौन?“ बता दें कि अनुपम खेर का ये शानदार मेकअप मिकी कॉन्ट्रैक्टर ने किया था, जो बिल्कुल श्रीदेवी से मिलता-जुलता लग रहा था। फोटोग्राफर गौतम राज्याध्यक्ष ने यह तस्वीर खींची थी।