Sat, Apr 26, 2025

Home/ राष्ट्रीय / ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसी बंद कर देना चाहिए - अखिलेश यादव

ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसी बंद कर देना चाहिए - अखिलेश यादव

धोखा हुआ है, तो उससे निपटने के लिए आयकर विभाग है

20 May 2024 01:35 PM 122 views

ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसी बंद कर देना चाहिए - अखिलेश यादव

सोनिया शर्मा
नई दिल्ली। समाजवादी पाटी के मुखिया अखिलेश यादव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सीबीआई और ईडी जैसी एजेंसियों को बंद कर देना चाहिए। ये सब गैर जरुरी हैं और इनका केवल राजनैतिक उपयोग होता है। उन्होंने यह भी कहा कि इस आशय का प्रस्ताव इंडिया गठबंधन में भी रखेंगे। एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने कहा कि सीबीआई की जरूरत ही क्या है। उन्होंने भारतीय जनता पाटी पर जांच एजेंसियों के गलत इस्तेमाल का आरोप लगाया है। बातचीत में अखिलेश ने कहा, सीबीआई और ईडी बंद होने चाहिए...। अगर आपके साथ धोखा हुआ है, तो उससे निपटने के लिए आयकर विभाग है। आपको सीबीआई की जरूरत क्या है? जरूरत पड़े तो हर राज्य में एंटी करप्शन विभाग है। उन्होंने कहा, उनका इस्तेमाल अगर सरकार बनानी है, गिरानी करना है तो उसके लिए होता है। 
उन्होंने सवाल किया कि एजेंसियों ने नोटबंदी के दौरान क्या किया गया है इसकी जांच क्यों नही की। उन्होंने यह भी कहा, यह मेरा प्रस्ताव है और मैं इसे इंडिया गठबंधन के सामने रखूंगा। उन्होंने चुनाव के बाद भी कांग्रेस के साथ गठबंधन जारी रहने की बात कही है। उन्होंने कहा, अलायंस चलेगा, चलाएंगे। और जब भी चुनाव आएगा, यह होगा...। लेकिन अभी हमारे प्रयास सरकार बनाने के लिए हैं। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ प्रचार किया। राहुल रायबरेली सीट से मैदान में है। इसके अलावा वह केरल की वायनाड सीट से भी चुनाव लड़ रहे हैं। अटकलें थी कि पाटी राहुल को फिर अमेठी से मैदान में उतार सकती है, लेकिन कांग्रेस ने केएल शर्मा को टिकट दिया। इधर, रायबरेली से सांसद रही सोनिया गांधी राजस्थान से राज्यसभा का रुख कर चुकी हैं।
साथ ही सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने साफ कर दिया है कि सपा का कांग्रेस में कभी विलय नही होगा, लेकिन समर्थन देना जारी रहेगा। अखिलेश ने वरिष्ठ नेता और विपक्षी गठबंधन इंडिया के सदस्य शरद पवार के बयान को लेकर कहा, क्षेत्रीय दल हमेशा मजबूत रहेंगे और कांग्रेस को हिम्मत देंगे। दरअसल, पवार ने कहा था कि आने वाले महीनों में क्षेत्रीय दल कांग्रेस के करीब आएंगे और कुछ कांग्रेस में विलय भी कर सकते हैं। जब उनसे पूछा गया कि कुछ क्षेत्रीय दलों के कांग्रेस में शामिल होने की संभावनाएं कितनी हैं? तो इस पर यादव सीधा जवाब देने से बचते नजर आए। उन्होंने कहा, समाजवादी पाटी कभी विलय नही करेगी। अमेठी में भी बगैर सपा के चुनाव हो रहा है क्या? पर एक और एक ग्यारह हो गए और बीजेपी हो जाएगी नौ दो ग्यारह। क्षेत्रीय दलों की तरफ से तीसरा मोर्चा बनाने की संभावनाओं पर उन्होंने कहा, आप नही जानते कि कब क्या हो जाएगा। उन्होंने कहा, हमारी राजनीति में भाजपा विरोधी और कांग्रेस विरोधी ताकतें हमेशा रहेंगी।