Sun, May 19, 2024
image
गांधी परिवार के भरोसेमंद हैं केएल शर्मा /03 May 2024 11:35 AM/    18 views

कांग्रेस ने केएल शर्मा को चुनावी मैदान में उतारा है

सोनिया शर्मा
नई दिल्ली। कांग्रेस ने अमेठी लोकसभा सीट से केएल शर्मा को चुनावी मैदान में उतारा है। भाजपा ने यहां से मौजूदा सांसद स्मृति ईरानी का बहुत पहले ही ऐलान कर दिया था। केएल शर्मा को गांधी परिवार का बेहद करीबी माना जाता है। उनका रिश्ता न सिर्फ अमेठी बल्कि रायबरेली से भी है। रायबरेली में सोनिया गांधी के प्रतिनिधि के रूप में लंबे समय से केएल शर्मा ही कामकाज देख रहे है। 
केएल शर्मा का पूरा नाम किशोरी लाल शर्मा है। मूल रूप से पंजाब के लुधियाना के रहने वाले किशोरी लाल शर्मा ने 1983 में राजीव गांधी के साथ रायबरेली और अमेठी में कदम रखा था। राजीव गांधी की मौत के बाद गांधी परिवार से उनके रिश्ते पारिवारिक हो गए। इसके बाद वह गांधी परिवार के ही हो कर रह गए। 1991 में राजीव गांधी की मौत के बाद कभी शीला कौल के काम को देखते तो कभी सतीश शर्मा के कार्यों को देखने रायबरेली और अमेठी आते जाते रहते थे। 
जब पहली बार सोनिया गांधी सक्रिय राजनीति में अमेठी गईं तो केएल शर्मा उनके साथ-साथ अमेठी आ गए। जब सोनिया गांधी ने राहुल गांधी के लिए अमेठी सीट छोड़ दी और खुद रायबरेली आ गईं तो केएल शर्मा ने रायबरेली और अमेठी दोनों ही सीटों की जिम्मेदारी अपने ऊपर ले ली। केएल शर्मा रायबरेली और अमेठी दोनों ही सीटों पर कार्यों की देखरेख करने लगे। वक्त के साथ लोग कांग्रेस को छोड़ने लगे लेकिन केएल शर्मा की निष्ठा और वफादारी में कभी कोई कमी नही आई। कभी केएल शर्मा बिहार के प्रभारी रहे तो कभी पंजाब कमेटी के सदस्य भी बने। एआईसीसी के मेंबर रहे तो कभी चुनावी बागडोर उनके हाथों में रही।
 

Leave a Comment