Sat, Apr 26, 2025

Home/ स्वास्थ्य / सहजन की फली होती है आवश्यक तत्वों से भरपूर

सहजन की फली होती है आवश्यक तत्वों से भरपूर

त्वचा और बालों की सेहत के लिए भी है लाभकारी

12 Feb 2025 04:33 AM 15 views

सहजन की फली होती है आवश्यक तत्वों से भरपूर

अजय कुमार सिंह
नई दिल्ली।  सहजन या ड्रमस्टिक पोषक तत्वों से भरपूर एक ऐसा पौधा है, जिसका हर हिस्सा खाने योग्य होता है। मोरिंगा की पत्तियों, फली, फूल, बीज और छाल तक में गुणकारी तत्व मौजूद होते हैं। इसकी सब्जी न केवल स्वादिष्ट होती है, बल्कि शरीर को कई गंभीर बीमारियों से बचाने में मदद करती है। 
 
विशेषज्ञों के अनुसार मोरिंगा की सब्जी में विटामिन सी, विटामिन ए, कैल्शियम, आयरन और पोटेशियम जैसे आवश्यक पोषक तत्व होते हैं, जो शरीर को मजबूती प्रदान करते हैं। विटामिन सी इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाता है, जिससे संक्रमण से बचाव होता है। वहीं, विटामिन ए आंखों की रोशनी के लिए फायदेमंद होता है। 
 
कैल्शियम और आयरन हड्डियों को मजबूती देते हैं और शरीर में खून की कमी को दूर करने में मदद करते हैं। इसके अलावा, पोटेशियम ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करता है और शरीर में पानी के संतुलन को बनाए रखता है। डायबिटीज के मरीजों के लिए भी मोरिंगा की सब्जी बेहद फायदेमंद मानी जाती है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सिडेंट्स और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण ब्लड शुगर को नियंत्रित करने में मदद करते हैं। इसके पत्तों में ऐसे तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर में इंसुलिन लेवल को संतुलित रखते हैं, जिससे डायबिटीज के मरीजों को फायदा होता है। वहीं, वजन घटाने के लिए भी मोरिंगा बेहद असरदार माना जाता है। इसमें मौजूद फाइबर भूख को नियंत्रित करता है और पाचन क्रिया को बेहतर बनाता है, जिससे वजन नियंत्रण में रहता है। मोरिंगा हृदय स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद है। इसमें कोलेस्ट्रॉल कम करने वाले गुण होते हैं, जिससे हृदय रोगों का खतरा कम होता है।
 
 त्वचा और बालों की सेहत के लिए भी यह लाभकारी है। इसके नियमित सेवन से त्वचा पर निखार आता है और झुर्रियां कम होती हैं। बालों की ग्रोथ बेहतर होती है और हेयरफॉल की समस्या से राहत मिलती है। कुल मिलाकर, मोरिंगा की सब्जी को अपने आहार में शामिल करके न केवल शरीर को भरपूर पोषण दिया जा सकता है, बल्कि कई बीमारियों से भी बचाव किया जा सकता है। बता दें कि कई खाने-पीने की चीजों में औषधीय गुणों का भंडार होता है, जो शरीर को जबरदस्त फायदे पहुंचाते हैं। आयुर्वेद में कई सब्जियों को शरीर के लिए अमृत समान बताया गया है और उन्हीं में से एक है मोरिंगा, जिसे सहजन या ड्रमस्टिक के नाम से जाना जाता है।