नई दिल्ली। मुंबई इंडियंस के स्टार ओपनर रोहित शर्मा पिछले कुछ समय से खराब फार्म से जूझ रहे हैं। ’हिटमैन’ के नाम से मशहूर रोहित शर्मा सोमवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ केवल 4 रन बनाकर डगआउट लौट गए। हैदराबाद के कप्तान पैट कमिस ने विकेटकीपर क्लासेन के हाथों कैच आउट कराकर रोहित शर्मा की पारी का अंत किया। मुंबई इंडियंस की पारी के दौरान रोहित शर्मा का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वो बेहद निराश नजर आ रहे हैं। रोहित शर्मा निराशा में अपनी आंखों पर हाथ रखे और सिर झुकाकर हिलाते हुए नजर आए। रोहित शर्मा का हाल देखकर फैंस भी इमोशनल हो गए और एक से बढ़कर एक रिएक्शंस दिए। बता दें कि रोहित शर्मा ने शुरुआती सात पारियों में 297 रन बनाए और पिछली पांच पारियों में वो केवल 33 रन बना सके। पिछले पांच मैचों में उनके स्कोर पर ध्यान दें तो उन्होंने क्रमशः 4, 11, 4, 8, 6 रन बनाए। यानी कि पांच मैचों में केवल 33 रन बनाए। टी20 वर्ल्ड कप 2024 से पहले रोहित शर्मा का खराब फार्म चिता का सबब बन गया है। मशहूर कमेंटेटर हर्षा भोगले ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर रोहित शर्मा के फ्लाप शो के बारे में कहा कि यह चिता का विषय है। उन्होंने पोस्ट किया, ’’रोहित शर्मा का फार्म अब थोड़ा चिता का विषय है। पहली अपनी सात पारियों में उन्होंने 297 रन बनाए और अगली पांच पारियों में केवल 33 रन बनाए। अंत मजबूती से करने की जरुरत।’’रोहित शर्मा भले ही फ्लाप रहे हो, लेकिन सूर्यकुमार यादव (102’) के शतक की बदौलत मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को 16 गेंदें शेष रहते 7 विकेट से मात दी। वानखेड़े स्टेडियम पर खेले गए मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 173 रन बनाए। जवाब में मुंबई ने 17.2 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया।