Sat, Apr 26, 2025

Home/ खेल / सुखजीत सिंह को अर्जुन अवार्ड से किया जाएगा सम्मानित

सुखजीत सिंह को अर्जुन अवार्ड से किया जाएगा सम्मानित

पिता ने कहा पंजाब पुलिस में डीएसपी का पद मिले

03 Jan 2025 03:42 AM 30 views

सुखजीत सिंह को अर्जुन अवार्ड से किया जाएगा सम्मानित

सुनील शर्मा
नई दिल्ली। हॉकी खिलाड़ी सुखजीत सिंह के परिजन उन्हें अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किये जाने की घोषणा के बाद से ही बेहद खुश हैं। केन्द्रीय खेल मंत्रालय ने गत दिवस सुखजीत सहित 32 खिलाड़ियों को अर्जुन अवार्ड दिये जाने की घोषणा की थी। इसके बाद से ही उनके घर में खुशी का माहौल है।
 
सुखजीत सिंह के पिता अजीत सिंह ने बताया कि वह खुद भी हॉकी खिलाड़ी थे पर वह अधिक आगे तक नहीं खेल पाये। इसलिए सुखजीत की सफलता से वह उत्साहित हैं। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि जैसे अन्य खिलाड़ियों को पंजाब पुलिस में डीएसपी का पद दिया गया है, वैसे ही उनके बेटे को भी यह सम्मान मिलना चाहिए जिससे वे समाज की सेवा कर सकें। पुरस्कारों की घोषणा होने के बाद सुखजीत ने वीडियो जारी कर खुशी जताई है।
 
उन्होंने कहा, मुझे इस बात की खुशी है कि मुझे देश के सबसे प्रतिष्ठित खेल पुरस्कारों में से एक अर्जुन अवार्ड मिल रहा है। मेरी मेहनत रंग लाई, मैं बहुत खुश हूं। इस समय हमारे घर में बहुत खुशी का माहौल है। मैं बहुत गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। साथ ही मैं खेल मंत्रालय का बहुत धन्यवाद करता हूं।