Sat, Apr 26, 2025

Home/ राष्ट्रीय / बिहार में भाजपा के उत्थान में रहा अमूल्य योगदानः पीएम मोदी

बिहार में भाजपा के उत्थान में रहा अमूल्य योगदानः पीएम मोदी

खुद दी थी कैंसर की जानकारी

14 May 2024 11:54 AM 107 views

बिहार में भाजपा के उत्थान में रहा अमूल्य योगदानः पीएम मोदी

सोनिया शर्मा
नई दिल्ली। भाजपा के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी का सोमवार रात निधन हो गया। 72 वर्षीय मोदी कैंसर से पीड़ित थे और यहां अखिल भारतीय आयुविज्ञान संस्थान  के प्राइवेट वार्ड में भर्ती थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया है। सुशील मोदी ने पिछले महीने ने एक्स पर पोस्ट कर यह जानकारी सार्वजनिक की थी कि उन्हें कैंसर हो गया है और वह लोकसभा चुनाव में प्रचार नही कर पाएंगे। सोमवार देर रात एक्स पर किए पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लिखा कि पाटी में अपने मूल्यवान सहयोगी और दशकों से मित्र रहे सुशील मोदी जी के असामयिक निधन से अत्यंत दुख हुआ है।
उन्होंने कहा कि  बिहार में भाजपा के उत्थान और उसकी सफलताओं के पीछे उनका अमूल्य योगदान रहा है। आपातकाल का पुरजोर विरोध करते हुए, उन्होंने छात्र राजनीति से अपनी एक अलग पहचान बनाई थी। वह बेहद मेहनती और मिलनसार विधायक के रूप में जाने जाते थे। राजनीति से जुड़े विषयों को लेकर उनकी समझ बहुत गहरी थी। उन्होंने एक प्रशासक के तौर पर भी काफी सराहनीय कार्य किए। जीएसटी पारित होने में उनकी सक्रिय भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने निधन पर दुख जताते हुए कहा कि सुशील मोदी 1974 के छात्र आंदोलन के उनके सहयोगी थे। हमने एक संघर्ष और आंदोलन का अपना एक साथी खो दिया है। उनकी कमी हमेशा महसूस होती रहेगी। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है।