Sat, Apr 26, 2025

Home/ स्वास्थ्य / पपीता डायबिटीज के मरीजों के लिए लाभकारी फल

पपीता डायबिटीज के मरीजों के लिए लाभकारी फल

पपीता पाचन के लिए भी फायदेमंदः विशेषज्ञ

03 Mar 2025 03:23 PM 8 views

पपीता डायबिटीज के मरीजों के लिए लाभकारी फल

अजय कुमार सिंह
नई दिल्ली। डायबिटीज के मरीजों के मन में कंफ्यूजन रहती है कि उनकी सेहत के लिए कौनसा फल का सेवन ठीक रहेगा। लेकिन क्या वास्तव में पपीता उनके लिए नुकसानदायक है? विशेषज्ञों की मानें तो ऐसा नहीं है। डायटिशियन और स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, पपीता डायबिटीज के मरीजों के लिए सुरक्षित फल माना जा सकता है, बशर्ते इसका सेवन सीमित मात्रा में किया जाए। पपीते में प्राकृतिक शुगर जरूर होती है, लेकिन यह फल फाइबर, विटामिन, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होता है। इसमें मौजूद उच्च मात्रा में फाइबर ब्लड शुगर के स्तर को तेजी से बढ़ने नहीं देता और शरीर में शुगर के अवशोषण की प्रक्रिया को धीमा कर देता है। इसके अलावा, यह फल विटामिन ए, विटामिन सी, विटामिन ई, मैग्नीशियम और पोटेशियम जैसे मिनरल्स से भरपूर होता है, जो शरीर के लिए लाभकारी साबित हो सकते हैं। डायबिटीज के मरीज अगर सीमित मात्रा में पपीता खाते हैं, तो इससे किसी प्रकार का नुकसान नहीं होता। 
 
विशेषज्ञों के अनुसार, पपीता पाचन के लिए भी फायदेमंद होता है और पेट संबंधी समस्याओं, जैसे अपच, गैस और कब्ज को दूर करने में सहायक हो सकता है। इसे नेचुरल लैक्जेटिव (प्राकृतिक कब्ज निवारक) माना जाता है, क्योंकि यह पेट की गंदगी साफ करने में प्रभावी होता है। इसमें पपेन नामक एंजाइम पाया जाता है, जो पाचन को बेहतर बनाने और शरीर से टॉक्सिन्स को बाहर निकालने में मदद करता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, पपीता खाने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है। यह हार्ट हेल्थ के लिए भी फायदेमंद हो सकता है, क्योंकि इसमें पोटेशियम, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स मौजूद होते हैं। पोटेशियम ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में मदद करता है, जिससे दिल पर दबाव कम पड़ता है और हृदय रोगों का खतरा घटता है। इसके अलावा, पपीते में मौजूद फाइबर खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करने में सहायक होता है, जिससे खून की नसों में जमा कोलेस्ट्रॉल बाहर निकल सकता है। 
 
इसलिए, डायबिटीज के मरीजों को पपीता खाने से पूरी तरह परहेज करने की जरूरत नहीं है। लेकिन किसी भी चीज की अधिकता हानिकारक हो सकती है, इसलिए पपीते का सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए और अपने डॉक्टर या डायटिशियन की सलाह भी लेनी चाहिए। मालूम हो कि डायबिटीज के मरीजों को अक्सर अपने खान-पान को लेकर सतर्क रहना पड़ता है। खासतौर पर फल खाने को लेकर उनके मन में कई सवाल होते हैं, क्योंकि अधिकतर फलों में प्राकृतिक शुगर पाई जाती है। इसी कारण कई मरीज फलों से दूरी बना लेते हैं, जिससे उनकी डाइट में जरूरी पोषक तत्वों की कमी होने लगती है।