Sat, Aug 02, 2025

Home/ खेल / दक्षिण अफ्रीका ने बांग्लादेश को 114 रन बनाने से रोका

दक्षिण अफ्रीका ने बांग्लादेश को 114 रन बनाने से रोका

दक्षिण अफ्रीका टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे कम स्कोर की रक्षा करने वाली टीम बनी

11 Jun 2024 10:39 AM 145 views

दक्षिण अफ्रीका ने बांग्लादेश को 114 रन बनाने से रोका

नई दिल्ली। दक्षिण अफ्रीका ने सोमवार को टी20 वर्ल्ड कप 2024 के 20वें मैच में बांग्लादेश को 4 रन से मात देकर इतिहास रच दिया। न्यूयार्क में खेले गए मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करके 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 113 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 109 रन बना सकी। एडेन मार्करम के नेतृत्व वाली दक्षिण अफ्रीका ने इस जीत के साथ ही भारतीय टीम का बड़ा रिकार्ड तोड़ दिया। दक्षिण अफ्रीका टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे कम स्कोर की रक्षा करने वाली टीम बन गई है। दक्षिण अफ्रीका ने बांग्लादेश को 114 रन बनाने से रोका। प्रोटियाज टीम ने भारत का रिकार्ड तोड़ा, जिन्होंने एक दिन पहले न्यूयार्क में ही पाकिस्तान के खिलाफ 120 रन की रक्षा की थी। भारतीय टीम ने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को छह रन से मात दी थी। वैसे, टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे कम स्कोर की रक्षा करने में श्रीलंकाई टीम भी शामिल है। 2014 में न्यूजीलैंड के खिलाफ श्रीलंका ने भी 120 रन के स्कोर को डिफेंड किया था। मगर अब सबसे कम स्कोर को डिफेंड करने का रिकार्ड दक्षिण अफ्रीका के नाम हो गया है।
 
टी20 वर्ल्ड कप में सबसे कम स्कोर को डिफेंड करने वाली टीमें
114 - दक्षिण अफ्रीका बनाम बांग्लादेश, 2024’
120 - भारत बनाम पाकिस्तान, 2024
120 - श्रीलंका बनाम न्यूजीलैंड, 2014
 
दक्षिण अफ्रीका ने इस मैच को जीतकर एक और खास रिकार्ड अपने नाम किया। दक्षिण अफ्रीका टी20 वर्ल्ड कप इतिहास की ऐसी इकलौती टीम है, जिसने 1 रन, 2 रन, 3 रन और चार रन के अंतर से मैच जीते हैं। प्रोटियाज टीम के अलावा टी20 वर्ल्ड कप में ऐसा कारनामा कोई और टीम नही कर सकी है। दक्षिण अफ्रीका ने 2009 में न्यूजीलैंड को 1 रन, 2014 में न्यूजीलैंड को 2 रन, 2014 में इंग्लैंड को 3 रन और अब बांग्लादेश को 4 रन से मात देकर अनोखा रिकार्ड अपने नाम किया। दक्षिण अफ्रीका ने बांग्लादेश को लो स्कोरिग मैच में मात देकर अपना दबदबा बरकरार रखा है। दक्षिण अफ्रीका की टीम टी20 वर्ल्ड कप में अब तक कभी भी बांग्लादेश से हारी नही है। प्रोटियाज का टी20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के खिलाफ रिकार्ड 9-0 से एकतरफा है। बांग्लादेश के पास जीत दर्ज करके इतिहास रचने का गोल्डन चांस था, जिसे उसने मिस कर दिया।