Sat, Aug 02, 2025

Home/ राष्ट्रीय / ऑपरेशन सिंदूर पर प्रियंका गांधी ने सरकार को घेरा

ऑपरेशन सिंदूर पर प्रियंका गांधी ने सरकार को घेरा

यूपीए सरकार ने आतंक के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की

30 Jul 2025 03:57 AM 15 views

ऑपरेशन सिंदूर पर प्रियंका गांधी ने सरकार को घेरा

राहुल शर्मा
नई दिल्ली। लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा में हिस्सा ले रहीं कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने आतंकवाद को लेकर सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यूपीए सरकार ने आतंकवाद से निपटने में कभी कमजोरी नहीं दिखाई, बल्कि निर्णायक कार्रवाई की।  यहां प्रियंका गांधी ने 2008 के मुंबई हमलों का उल्लेख करते हुए कहा, तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की सरकार ने त्वरित कार्रवाई की थी। हमलों के दौरान आतंकियों को वहीं मार गिराया गया था। एकमात्र जीवित आतंकवादी अजमल कसाब को कानूनी प्रक्रिया के बाद 2012 में फांसी दी गई। 
 
सत्ता पक्ष द्वारा बार-बार यूपीए सरकार को निशाना बनाए जाने पर प्रियंका गांधी ने सवाल किया कि जब तत्कालीन गृहमंत्री रहे राजनाथ सिंह पुलवामा, उड़ी और पठानकोट हमलों के समय जिम्मेदार पदों पर थे, तब भी आतंकी घटनाएं हुईं, फिर वे अब रक्षा मंत्री कैसे बने रह सकते हैं? प्रियंका गांधी ने कहा, आज भी हमारे गृहमंत्री अमित शाह पद पर कायम हैं, जबकि दिल्ली में दंगे हुए और मणिपुर जलता रहा। इन घटनाओं की जवाबदेही कौन लेगा? उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह आतंकवाद जैसे गंभीर विषय पर राजनीति कर रही है और ध्यान भटकाने के लिए इतिहास की बातें कर रही है। 
 
प्रियंका गांधी ने भावुक होते हुए तीखें अंजाद में कहा कि जब सवाल पूछा गया कि पाकिस्तान को शरण क्यों दी, तो हमारे गृहमंत्री इतिहास में चले गए, नेहरू ने क्या किया, इंदिरा ने क्या किया, यहां तक कि मेरी मां के आंसू तक गिना दिए, लेकिन जंग रोकी क्यों, इसका कोई जवाब नहीं दिया। भावुक प्रियंका ने आगे कहा, कि मेरी मां के आंसू तब गिरे जब मेरे पिता राजीव गांधी को आतंकवादियों ने शहीद किया था। वे सिर्फ 44 साल की थीं। मैं जब इस सदन में 26 शहीदों की बात करती हूं, तो इसलिए क्योंकि मैं उस पीड़ा को समझती हूं। कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी के इस भावनात्मक और जोरदार जवाबी संबोधन के बाद सदन में कुछ देर तक सन्नाटा पसरा रहा।