अनिल शर्मा
नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी का ब्राजील में जोरदार स्वागत हुआ। उन्हें न सिर्फ एक राष्ट्राध्यक्ष के रूप में सम्मान दिया गया बल्कि ब्राजील के सर्वोच्च नागरिक सम्मान, ग्रैंड कॉलर ऑफ द नेशनल ऑर्डर ऑफ द सदर्न क्रॉस से नवाजा गया। यह पुरस्कार पीएम मोदी को भारत-ब्राजील के संबंधों को मजबूत करने और प्रमुख वैश्विक मंचों पर दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस मौके पर अल्वोराडा पैलेस में दोनों नेताओं ने एक संक्षिप्त बैठक भी की, जिसमें व्यापारिक संबंधों को गहरा करने और व्यापार में विविधता लाने पर चर्चा हुई।
सूत्रों के मुताबिक पीएम मोदी को मिला नेशनल ऑर्डर ऑफ द सदर्न क्रॉस एक शाही सम्मान है, जिसकी संरचना में कई कैटेगरीज शामिल हैं। इसमें सबसे उच्च श्रेणी ग्रैंड कॉलर है, जो केवल विशेष गणमान्य व्यक्तियों को दी जाती है। इस अवॉर्ड में एक बैज शामिल होता है, जिसका आकार तारे जैसा है। इसके केंद्र में नीले रंग का एक गोला होता है, जिसमें होता है -मेरिट का पुरस्कार। इसके चारों ओर सफेद तामचीनी और सोने की रिम होती है, जो दक्षिणी क्रॉस नक्षत्र का प्रतीक है।
यह बैज जिस कड़ी से लटकाया जाता है, उसमें तंबाकू और कॉफी के पत्तों की माला भी लगाई होती है, जिसे आमतौर पर सोने या सोने के रंग वाली धातु से सजाया जाता है। तारा और बैज में रचना को मजबूती देने के लिए चांदी जैसे अन्य धातुओं का भी इस्तेमाल किया जाता है। इसे चांदी की परत के रूप में बताया गया है। ग्रैंड कॉलर से नवाजे गए लोगों को एक विशेष नीले और सफेद रंग का सैश प्रदान किया जाता है, जिसे औपचारिक समारोहों में पहना जाता है।
पुरस्कार के साथ एक मेडल और रिबन भी दिया जाता है, जो ब्राजील के राष्ट्रीय प्रतीकों को दर्शाता है। इसमें गहरा नीला, सफेद, हरा और लाल रंग शामिल होता हैं, लेकिन पूरी चेन का मूल धातु आमतौर पर सोना या सोने की मिश्रित धातु से बना होता है। सम्मान के साथ एक आधिकारिक प्रमाणपत्र भी दिया जाता है, जिसमें प्राप्तकर्ता के योगदान का उल्लेख होता है। यह पुरस्कार न केवल व्यक्तिगत उपलब्धियों को सम्मानित करता है, बल्कि ब्राजील की ग्लोबल डिप्लोमेसी को भी दर्शाता है।
पहले इस अवॉर्ड को इम्पियल ऑडर ऑफ द क्रॉस कहा जाता था। ग्रैंड कॉलर ऑफ द नेशनल ऑर्डर ऑफ द सदर्न क्रॉस को अब तक कई प्रमुख हस्तियों को प्रदान किया गया है, जो अलग-अलग देशों के राष्ट्राध्यक्ष, राजनयिक, और प्रभावशाली व्यक्ति शामिल हैं- जिनमें जापान के सम्राट नारुहितो (2025), रोसेन प्लेवनेलिव (बुल्गारिया के राष्ट्रपति, 2016), क्रिस्टीना फर्नांडीज डी किरचनर (अर्जेंटीना की राष्ट्रपति, 2015) और क्वीन एलिजाबेथ द्वितीय (2006) में यह सम्मान दिया गया था। इस अवॉर्ड के कई वैरिएंट होते हैं, जिसमें दृ ग्रैंड कॉलर, ग्रैंड क्रॉस, ग्रैंड ऑफिसर, कमांडर, ऑफिसर और नाइट हैं। हर स्तर के साथ इस अवॉर्ड में कुछ चीजें बढ़ती जाती हैं। दुनिया के अलग-अलग प्रभावशाली लोगों को इस सम्मान के अलग-अलग वैरिएंट दिए गए हैं। चेन के साथ स्टार और बैज वाला ग्रैंड कॉलर अवॉर्ड सर्वोच्च होता है, जो पीएम मोदी को दिया गया है। ब्राजील की ओर से कई बार गोपनीय समारोहों में भी ये सम्मान दिए जाते हैं।