Sat, Aug 02, 2025

Home/ राष्ट्रीय / वडोदरा ब्रिज दुर्घटना में 11 लोगों की मौत

वडोदरा ब्रिज दुर्घटना में 11 लोगों की मौत

हादसे को लेकर कांग्रेस और आप के भाजपा सरकार पर कड़े प्रहार

10 Jul 2025 04:08 AM 14 views

वडोदरा ब्रिज दुर्घटना में 11 लोगों की मौत

वडोदरा। बुधवार की सुबह वडोदरा जिले में ब्रिज दुर्घटना में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए और कई वाहन महिसागर नदी में बह गए। वडोदरा को आणंद से जोड़ने वाले गंभीरा ब्रिज दुर्घटना में कई लोग चमत्कारिक बचाव हुआ है, जिसमें चार लोग ऐसे हैं जो पिकअप वैन में सवार थे। ब्रिज दुर्घटना से ठीक पहले पिकअप वैन नदी में गिरे उससे पहले एक शख्स ने अपनी जान बचा ली। 
 
पिकअप वैन में सवार अन्य तीन लोग नदी में जा गिरे। नदी में गिरे इन तीनों लोगों को भी बचा लिया गया है। घटना के एक प्रत्यक्षदर्शी और जीवित बचे व्यक्ति ने बताया कि वह क्षण कितना खतरनाक था। पुल टूटने से पहले ही वह व्यक्ति नदी में कूदकर अपनी जान बचा ली। इस पिकअप वैन में बैठे तीन अन्य लोग वैन के साथ नदी में गिर गए। उन्हें भी सुरक्षित बचा लिया गया। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि हम बोरसद से जंबूसर जा रहे थे, तभी पीछे से एक धमाका हुआ। पुल झुका हुआ था, इसलिए हम अपनी गाड़ी पर नहीं चढ़ सके। हम जान बचाने के लिए कूद पड़े। गाड़ी पीछे की ओर जाती रही। पीछे लोग रो रहे थे। चार-पाँच गाड़ियाँ गिर गई थीं। एक टैंकर फँस गया था। रिक्शा और ईको कारें भी थीं। उन्हें बचाने के लिए बहुत से लोग जमा हो गए थे, लेकिन कमर तक पानी था। हम एक बोलेरो पिकअप वैन में थे। वह भी पानी में है। हमारे साथ ड्राइवर समेत तीन और लोग थे। वे बच गए हैं। ऊपर वाले की मेहरबानी है कि हम बच गए। 
 
गुजरात कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष शक्ति सिंह गोहिल ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, गंभीरा ब्रिज के अचानक ढह जाने से बड़ी त्रासदी घटित हुई है। यह ब्रिज मध्य गुजरात और सौराष्ट्र को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण ब्रिज है। गुजरात विधानसभा में विपक्ष के नेता अमित चावड़ा ने इस हादसे पर सरकार की पोल खोल दी है। अमित चावड़ा ने खुद दो साल पहले इस पुल के खतरनाक होने की बात कही थी। 
 
उन्होंने सड़क एवं भवन विभाग के अधिकारी को पत्र भी लिखा था। विधायक के पत्र लिखने के बावजूद अधिकारी सुस्त रहे और आज निर्दोष लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है।गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री शंकरसिंह वाघेला ने वडोदरा के पादरा में हुए पुल हादसे पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा है कि पुल सरकार की लापरवाही के कारण गिरा। उन्होंने भाजपा के 30 साल के लगातार शासन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों और पदाधिकारियों को इसकी कोई परवाह नहीं है।
 
आप के गुजरात प्रदेश अध्यक्ष इसुदान गढ़वी ने गुजरात सरकार पर कड़ा हमला बोला है। इसुदान गढ़वी ने कहा कि गुजरात में एक बड़ी त्रासदी हुई है, जो मानव निर्मित आपदा है। दुर्घटना को लेकर इसुदान गढ़वी ने गुजरात के मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग की है। पिछले कई वर्षों से गुजरात में सरकारी भ्रष्टाचार के कारण कई लोगों की जान जा चुकी है। उन्होंने आगे कहा कि गंभीरा ब्रिज दो हिस्सों में टूट गया है और 11लोगों की मौत हो गई है। इसुदान गढ़वी ने मृतकों के प्रति शोक व्यक्त किया।